रांची : रांची के सांसद और रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने बुधवार को नई दिल्ली में केंद्रीय परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच रांची लोकसभा क्षेत्र समेत झारखंड राज्य में चल रही विभिन्न परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
संजय सेठ ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से रातू रोड पर निर्माणाधीन एलिवेटेड कॉरिडोर की प्रगति पर बात की और उन्हें इसकी वर्तमान स्थिति से अवगत कराया। साथ ही, उन्होंने एलिवेटेड कॉरिडोर के लोकार्पण का आमंत्रण दिया, जिसे गडकरी ने सहर्ष स्वीकार किया। अप्रैल 2025 में इस परियोजना का उद्घाटन जनता के लिए किया जाएगा।
परियोजनाओं पर चर्चा और समस्याओं का समाधान
संजय सेठ ने बैठक में पिस्का और इटकी रेलवे स्टेशन के पास आरओबी निर्माण, ओरमांझी से गोला तक एक्सप्रेस वे निर्माण, और डिमना चौक से बालिगुमा जमशेदपुर तक सड़क निर्माण तथा एलिवेटेड कॉरिडोर निर्माण पर भी चर्चा की। इन परियोजनाओं के निर्माण में आ रही विसंगतियों और समस्याओं को भी उन्होंने केंद्रीय मंत्री के सामने रखा।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने इस पर जवाब देते हुए कहा कि झारखंड में राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ी कोई भी परियोजना किसी भी हालत में बाधित नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि जो समस्याएं फॉरेस्ट क्लीयरेंस के कारण उत्पन्न हो रही हैं, उन्हें राज्य सरकार जल्द हल करे ताकि निर्माण कार्य में कोई रुकावट न आए। इसके साथ ही उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इन समस्याओं का त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए।
नितिन गडकरी ने किया लोकार्पण समारोह में आने लेने का वादा
मुलाकात के बाद संजय सेठ ने बताया कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने एलिवेटेड कॉरिडोर के लोकार्पण में आने की बात कही है। साथ ही, झारखंड की अन्य परियोजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं में आ रही समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुलझाया जाएगा और उन्हें समय पर पूरा किया जाएगा।