दिल्ली : बिहार की स्वर कोकिला के नाम से लोकप्रिय सुप्रसिद्ध लोकगायिका शारदा सिन्हा का मंगलवार की रात एम्स,दिल्ली में निधन हो गया। उन्हें उनके कई मशहूर गानों के लिए जाना जाता था। ‘कातिक मास इजोरिया, सूरज भइले बिहान…’ औऱ बॉलीवुड हिट ‘तार बिजली से…’ औऱ ‘बाबुल’ जैसे कई लोकगीतों की मधुर प्रस्तुति के लिए उन्हें ‘बिहार कोकिला’ कहा जाता था।
72 वर्ष की उम्र में 5 नवंबर की रात 9.20 बजे एम्स अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। शारदा ने अपने गीतों के माध्यम से बिहार की सीमाओं से परे समृद्ध लोक परंपराओं का नेतृत्व किया और उन्हें एक पहचान दिलाई। शारदा मल्टीपल मायलोमा नाम की बीमारी से ग्रसित थी, जो ब्लड कैंसर का ही एक प्रकार है।
क्या कहा बेटे अंशुमान ने
शारदा सिन्हा के बेटे अंशुमान ने अपनी माता की मृत्यु पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि यह हमारे लिए दुखद समय है। वह हमें छठ पूजा के पहले दिन छोड़कर चली गई है…वह हमेशा लोगों के दिलों में जिंदा रहेंगी। मेरे और मेरे पूरे परिवार के लिए यह झटका है। अंशुमान ने कहा कि 1978 से लेकर 2024 तक उनकी माताजी ने निरंतर गीत गाया और लोगों ने भी उन गीतों को, उनके व्यक्तित्व को आत्मसात किया। उनके बिना अधूरापन है। आगे उन्होंने कहा कि वो हमेशा वायुमंडल में मौजूद रहेंगी और अपने सभी छठ व्रतियों के साथ रहेंगी।
पटना में होगा अंतिम संस्कार
उन्होंने बताया कि उनकी मां के पार्थिव शरीर को पटना ले जाया जाएगा और वहीं उनका अंतिम संस्कार होगा। इसका कारण बताते हुए अंशुमान ने कहा कि उनके पिता का अंतिम संस्कार भी पटना में ही किया गया था। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि मेरी मां की इच्छा थी कि जहां पर मेरे पिता का अंतिम संस्कार हुआ था, वहीं पर उनका भी क्रिया-कर्म किया जाए। पटना के गुलाबी घाट पर अंतिम संस्कार किया जाएगा।
राजकीय सम्मान के साथ होगी अंतिम विदाई
सांसद और भोजपुरी गायक मनोज तिवारी भी एम्स अस्पताल पहुंचे और परिजनों को ढाढस बंधाया। तिवारी ने बताया कि आज सुबह शारदाजी के पार्थिव शरीर को इंडिगो की 9.40 बजे की फ्लाइट से पटना ले जाया जाएगा। इसकी कागजी प्रक्रिया में करीब डेढ़ से 2 घंटे लगेंगे। पटना में शारदाजी का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। अंशुमान ने बताया कि इससे पहले दोपहर 12 बजे के बाद उनके पार्थिव शरीर को पटना में अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा।
कई दिग्गजों ने किया ट्वीट
छठ पर्व के दौरान उनके स्वर्ग लोकागमन से पूरे देश में शोक की लहर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, यूपी के सीएम योगी आदित्यनाश, बिहार के सीएम नीतीश कुमार, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, गृह मंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह, जीतन राम मांझी इत्यादि नेताओं ने ट्वीट कर उनके निधन पर शोक व्यक्त किया।