रांचीः झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के संरक्षक शिबू सोरेन की तबीयत खराब है। वे वर्तमान में दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती हैं, जहां नेफ्रोलॉजी विभाग के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. एके भल्ला की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।
पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के साथ उनके पुत्र एवं झारखंड के वर्तमान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और बहू कल्पना सोरेन मौजूद हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने लिया शिबू सोरेन का हालचाल
गुरुवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू स्वयं गंगा राम अस्पताल पहुंचीं और शिबू सोरेन से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने इलाज कर रहे चिकित्सकों से विस्तृत जानकारी ली और शिबू सोरेन के जल्द स्वस्थ होने के लिए अपनी ओर से शुभकामना दी। इसके साथ ही अस्पताल में मौजूद हेमंत सोरेन और कल्पना सोरेन से भी मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया।
राज्यपाल संतोष गंगवार भी पहुंचे थे अस्पताल
गौरतलब है कि इससे एक दिन पूर्व यानी बुधवार को झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार भी गंगा राम अस्पताल पहुंचे थे। उन्होंने भी शिबू सोरेन का हालचाल जानकर उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
जल्द स्वस्थ होने की लोग कर रहे कामना
शिबू सोरेन लंबे समय से झारखंड की राजनीति में अहम स्थान रखते हैं, और उनकी तबीयत बिगड़ने की खबर से राज्यभर में चिंता का माहौल है। समर्थक एवं शुभचिंतक उनके जल्द ठीक होने और स्वास्थ्य लाभ की कामना कर रहे हैं।
Read Also: CM Hemant Soren परिवार संग किए बाबा केदारनाथ के दर्शन, बोले – जय बाबा केदार, हर हर महादेव…