दिल्ली/रांची: झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के राज्यसभा सांसद और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन की तबीयत बीते पांच दिनों से नाजुक बनी हुई है। उन्हें दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनके स्वास्थ्य को लेकर झारखंड से लेकर दिल्ली तक चिंता का माहौल है।
गुरुवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने खुद अस्पताल पहुंचकर शिबू सोरेन के स्वास्थ्य की जानकारी ली। इससे एक दिन पहले बुधवार को झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार भी सर गंगा राम अस्पताल पहुंचे और डॉक्टरों से उनकी स्थिति को लेकर चर्चा की।
हल्का पैरालिसिस अटैक आया है – हेमंत सोरेन ने रघुवर दास को दी जानकारी
पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता रघुवर दास ने भी शिबू सोरेन की तबीयत को लेकर चिंता जताई है। शुक्रवार को उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को फोन कर गुरूजी (शिबू सोरेन) के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। फोन वार्ता के बाद रघुवर दास ने बताया कि हेमंत सोरेन ने उन्हें बताया कि शिबू सोरेन को हल्का पैरालिसिस अटैक आया है।
रांची के जगन्नाथ मंदिर में विशेष पूजा, JMM नेताओं ने की आराधना
शिबू सोरेन के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए रांची के ऐतिहासिक जगन्नाथ मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की गई। जेएमएम प्रवक्ता मनोज पांडे सहित पार्टी के कई नेता मंदिर पहुंचे और भगवान जगन्नाथ से गुरूजी के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की।
रघुवर दास ने भी अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट किया –
“मैं महाप्रभु भगवान जगन्नाथ से प्रार्थना करता हूं कि बाबा जल्द से जल्द स्वस्थ हों और एक बार फिर झारखंड की जनता की सेवा में लगें।”
दिल्ली में मौजूद हैं हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी, डॉक्टरों की टीम इलाज में जुटी
शिबू सोरेन की बिगड़ती तबीयत को देखते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी दिल्ली में ही रुके हुए हैं और लगातार अस्पताल से जुड़ी जानकारियां ले रहे हैं। सर गंगा राम अस्पताल के नेफ्रोलॉजी विभाग के वरिष्ठ डॉक्टर एके भल्ला की अगुवाई में डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है।
Also Read: शिबू सोरेन से मिलने पहुंची राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, दिल्ली के गंगा राम अस्पताल में चल रहा इलाज