मुंबईः महाराष्ट्र के कार्यवाहक मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की तबीयत खराब होने की वजह से महाराष्ट्र की राजनीति में उथल-पुथल बढ़ गई है। बीते कई दिनों से शिंदे की तबीयत खराब होने की खबरें आ रही थी। आज सुबह उन्हें ठाणे के जूपिटर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, जहां से उन्हें डिस्चार्ज दे दिया गया है। शिंदे ने बताया कि यह केवल एक रूटीन चेकअप था।
कई दिनों से बीमार चल रहे थे शिंदे
हॉस्पिटल से डिस्चार्ज होने के बाद मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए शिंदे ने कहा कि बढ़िया है। शिंदे बीते कई दिनों से गले में इंफेक्शन और बुखार से पीड़ित थे। शिंदे की सेहत को देखते हुए महायुति के नेताओं के बीच होने वाली बैठक को भी स्थगित कर दिया गया था। कहा जा रहा था कि वे एनसीपी नेता अजित पवार के दिल्ली जाने को लेकर खफा है। मीडिया के इन दावों का खंडन करते हुए पार्टी नेता उदय सामंत ने कहा कि वह (शिंदे) परेशान नहीं हैं। दिल्ली में भी, वह बुखार और सर्दी से पीड़ित थे।
शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां जोरों पर
दूसरी ओर, मुंबई के आजाद मैदान में 5 दिसंबर को नई महायुति सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के लिए तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शामिल होने की उम्मीद है। बीजेपी नेता देवेंद्र फडणवीस को मुख्यमंत्री पद की दौड़ में सबसे आगे माना जा रहा है, लेकिन महायुति गठबंधन ने अभी तक किसी के भी नाम की घोषणा नहीं की है। इससे पहले 4 दिसंबर को राज्य बीजेपी विधायक दल की बैठक होने वाली है।
बीजेपी नेता ने की शिंदे से मुलाकात
महायुति के बीच होने वाले वीडियो कांफ्रेंसिंग के कैंसिल होने के बाद भारतीय जनता पार्टी के नेता गिरीश महाजन ने सोमवार को शिंदे से मुलाकात की। शिंदे ने कहा कि उनकी सेहत में सुधार हो रहा है। महाजन ने कहा कि बैठक के दौरान उन्होंने महाराष्ट्र के अगले मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों पर चर्चा की। साथ ही उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि महायुति गठबंधन के नेताओं के बीच कोई टकराव नहीं है।
उन्होंने कहा, मैं यहां एकनाथ शिंदे से मिलने आया था, जिनकी तबीयत पिछले कुछ दिनों से ठीक नहीं है। कोई नाराजगी नहीं है। हम एक घंटे तक साथ बैठे और बातचीत की। उन्होंने 5 दिसंबर की तैयारियों पर भी चर्चा की और मैंने भी अपने विचार साझा किए। हमारे पास राज्य के लोगों के लिए करने के लिए बहुत काम है और हम उनके लिए एक साथ काम करने जा रहे हैं।