Home » सिक्किम : बाढ़ में मरने वालों की संख्या बढ़कर हुई 33, लापता लोगों की तलाश के लिए अभियान तेज

सिक्किम : बाढ़ में मरने वालों की संख्या बढ़कर हुई 33, लापता लोगों की तलाश के लिए अभियान तेज

by Rakesh Pandey
WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Follow Now

गंगटोक: सिक्किम में तीस्ता नदी में आई बाढ़ के मलबे से नौ सैन्यकर्मियों सहित 33 लोगों के शव बरामद किये जा चुके हैं, जबकि 105 से ज्यादा लापता लोगों की तलाश के लिए खोज अभियान अब भी जारी है। इस बीच, पश्चिम बंगाल में जलपाईगुड़ी जिला प्रशासन ने बताया कि उन्होंने अब तक तीस्ता नदी की नीचे की ओर बहने वाली धारा से 40 शव बरामद किये हैं। अधिकारियों ने बताया कि अब तक 10 शव की पहचान की जा चुकी है। सिक्किम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एसएसडीएमए) के मुताबिक, बुधवार तड़के बादल फटने से आई अचानक बाढ़ ने 60,870 लोगों को प्रभावित किया है। उसने बताया कि राज्य के अलग-अलग हिस्सों से अभी तक 2,563 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है और सिक्किम के ज्यादातर इलाकों का संपर्क दूसरे राज्यों से टूट गया है।

विशेष रडार, ड्रोन और सेना की मदद से हो रही लोगों की तलाश :

एसएसडीएमए ने बताया कि 105 लापता लोगों की तलाश अब भी जारी है। सिक्किम के पकयोंग जिले में 63, गंगटोक जिले में 20, मंगन में 16 और नामची में छह लोग लापता हैं। अधिकारियों ने बताया कि खोज अभियान में विशेष रडार, ड्रोन और सेना के श्वान दस्ते को लगाया गया है। उन्होंने बताया कि अभी तक पकयोंग में 21, गंगटोक में छह, मंगन में चार और नामची में दो शव बरामद किए गए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, सिक्किम की जीवन रेखा माने जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग 10 पर सड़कों में दरार आने व तीस्ता नदी पर कई पुल क्षतिग्रस्त होने की वजह से आवाजाही बंद है। उन्होंने बताया कि रंगपो और सिंगताम के बीच खंड को खोलने और उसे चौड़ा करने की प्रक्रिया जारी है।

केंद्रीय गृह राज्य मंत्री ने मुख्यमंत्री के साथ बैठक कर ली जानकारी :

केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय कुमार मिश्र ने गंगटोक में सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग के साथ एक उच्च-स्तरीय बैठक कर राज्य में आई बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया। मिश्र राज्य के तीन-दिवसीय दौरे पर शनिवार को गंगटोक पहुंचे थे। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, बैठक का प्राथमिक एजेंडा हालिया बाढ़ के बाद स्थिति को सामान्य बनाने से संबंधित प्रयासों पर विचार-विमर्श करना था। दोनों नेताओं ने मौजूदा स्थिति से निपटने के लिए तात्कालिक और दीर्घकालिक रणनीतियों पर व्यापक चर्चा की।

READ ALSO : झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री ने फिर दिखाई दरियादिली, घायल को खुद उठाकर अपनी जिप्सी से भिजवाया अस्पताल

बचाव अभियान में जुटी कई टीमें :

केंद्रीय मंत्री ने मंगन जिले के नागा में आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया और लोगों को राहत और सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री लगातार स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। मिश्र ने फंसे लोगों के लिए बचाव और राहत प्रयासों को प्राथमिकता देने की तत्काल आवश्यकता पर जोर दिया। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस ने मंगन जिले में तीस्ता जलविद्युत परियोजना के पास चुंगथम शहर में खोज और बचाव अभियान जारी रखा है। सुरंग से एक शव बरामद किया गया है। लोगों की आवाजाही को आसान बनाने के लिए तीस्ता नदी पर एक पुल भी बनाया गया है। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल की दो टीम भी खोज और बचाव अभियान चला रही हैं। यह भी कहा कि एनडीआरएफ की दो और टीमें चुंगथम पहुंच गई हैं और खोज तथा बचाव अभियान में जुटी हुई हैं।

Related Articles