धनबाद : सिक्किम में मंगलवार देर रात बादल फटने के बाद तीस्ता नदी में अचानक बाढ़ आने से बीसीसीएल (BCCL) बस्ताकोला एरिया के सहायक प्रबंधक माइनिंग विभाग के निखिल सिंह (26) व यांत्रिक व विद्युत विभाग के रोहित सुमन (27) लापता हैं। आखरी बार इन दोनों से 3 अक्टूबर की शाम साढ़े सात बजे बस्ताकोला के अधिकारियों से बात हुई थी।
इसके बाद से दोनों से कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है। दोनों कोयला नगर में रहते हैं। बस्ताकोला एरिया के महाप्रबंधक जेसी राय ने उपायुक्त वरुण रंजन को पत्र लिखकर लापता होने वाले अधिकारियों के खोजबीन करने की अपील की है। दोनों अधिकारी एक अक्टूबर को बस्ताकोला से सिक्किम घूमने गये थे। दोनों सिक्किम के होटल स्नो वैली लाचुंग में ठहरे थे।
अब तक 10 लोगों की हो चुकी है मौत :
विदित हो कि सिक्किम में बादल फटने से अब तक 10 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 82 लोग लापता हैं। बीसीसीएल प्रबंधन ने इसकी सूचना दोनों अधिकारियों को दिया है।
निखिल सिंह के बड़े भाई से बात हुई है। घर वाले भी संपर्क करने का प्रयास कर रहे हैं। रोहित के घर वालों से अधिकारियों का संपर्क नहीं हो पाया है। निखिल व रोहित ने घूमने के लिए दो बाइक एसकेओ टीए 1509, डब्ल्यू 64 एसी 6780 किराए पर लिए थे। दो दिन से दोनों बाइक से वहां भ्रमण कर रहे थे।
सहयोगियों को दी मौसम खराब होने की जानकारी :
तीन अक्टूबर को दोनों अधिकारी वहां काफी मस्ती में थे। मौसम खराब होने की बात लगातार बस्ताकोला एरिया के कई अधिकारियों के साथ कर रहे थे। बस्ताकोला के अधिकारी दीपक से छह बजकर 38 मिनट में मैसेज से दोनों का आखरी बार संपर्क हुआ था।
दीपक ने बताया कि चार बजे जो बात हुई थी, उसमें बताया था कि मौसम खराब है। इस कारण, दोनों होटल में ही रूके हैं। उसके बाद से दोनों से संपर्क नहीं हो पाया है। इस घटना के बाद से घर वाले परेशान हैं। उन्होंने अधिकारियों से उन्हें खोजने की गुहार लगायी है।
READ ALSO : क्या झारखंड में भी लागू होगी जाति आधारित जनगणना, मुख्यमंत्री ने कह दी बड़ी बात
दोनों अधिकारियों की प्रोफाइल :
निखिल सिंह, सहायक प्रबंधक के रूप में बस्ताकोला एरिया में कार्यरत थे। यहां तीन साल पहले ही योगदान दिया था। जो बिहार के सहरसा जिले के बरेटा मैना, वार्ड दो के रहने वाले हैं। वहीं रोहित सुमन सहायक प्रबंधक के रूप में बस्ताकोला एरिया में कार्यरत हैं। उन्होंने भी तीन साल पहले यहां योगदान दिया था। ये बिहार के वारशलीगंज नवादा के रहने वाले हैं।