Jamshedpur : बिष्टुपुर स्थित लोयोला स्कूल के फेसी ऑडिटोरियम में रविवार को सिंहभूम चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के प्लेटिनम जुबली समारोह का आयोजन किया गया। चेंबर की 75वीं वर्षगांठ के इस अवसर पर देश की औद्योगिक प्रगति, आर्थिक नीतियों और आतंकवाद के खिलाफ भारत की सख्त नीति जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा हुई।
समारोह के मुख्य अतिथि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि भारत अब तकनीक, अनुसंधान और उद्योग के क्षेत्र में दुनिया भर में अपनी अलग पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि भारत अब सहयोगी नहीं, बल्कि नेतृत्वकर्ता की भूमिका में है। उन्होंने भारत को अवसरों की धरती बताया और कहा कि उद्योग-हितैषी नीतियों के कारण देश की अर्थव्यवस्था तेज़ी से आगे बढ़ रही है।
ओम बिरला ने ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए आतंकवाद के खिलाफ भारत की सख्त नीति पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारत अब किसी भी आतंकी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि भारत अब केवल अपनी रक्षा नहीं करेगा, बल्कि वैश्विक आतंकवाद के खिलाफ एक नई नीति और कार्य योजना के तहत कार्रवाई करेगा। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि यदि कोई देश भारत में आतंकवाद फैलाने की कोशिश करेगा, तो उसे ऑपरेशन सिंदूर से भी कठोर परिणाम भुगतने होंगे।
केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने समारोह में अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री ने दुनिया को यह दिखा दिया है कि सिंदूर की भी कीमत होती है। उन्होंने कहा कि भारत ने आतंकवाद के खिलाफ एक नई शैली में युद्ध लड़ा और पाकिस्तान को ऐसा सबक सिखाया जो हमारे जवानों के साहस और शौर्य का प्रतीक है।
समारोह में पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा और सांसद विद्युत वरण महतो ने भी व्यापारिक संगठनों की भूमिका की सराहना करते हुए उन्हें भारत की प्रगति में अहम भागीदार बताया। कार्यक्रम की शुरुआत सिंहभूम चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष विजय आनंद मूनका द्वारा अतिथियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत और पारंपरिक दीप प्रज्वलन से हुई। समारोह में शहर के प्रमुख उद्यमी, व्यापारी, अधिकारी और समाजसेवी बड़ी संख्या में उपस्थित थे। इससे पहले सोनारी एयरपोर्ट पहुंचने पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला का भव्य स्वागत किया गया, जहां से वे सीधे लोयोला स्कूल स्थित सभागार पहुंचे।
मांदर की थाप पर गूंजा माहौल
समारोह भव्य रूप से आयोजित किया गया। इस ऐतिहासिक अवसर पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूद रहे। मंच पर जैसे ही पारंपरिक मांदर वाद्य की गूंज हुई, सभागार में उत्साह और सम्मान का माहौल छा गया।

कार्यक्रम में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो, और शहर के कई प्रतिष्ठित व्यापारी, उद्योगपति, जनप्रतिनिधि तथा वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने चैंबर की उपलब्धियों की सराहना करते हुए भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
टाटा संस के चेयरमैन ने भेजा वीडियो मैसेज
चैंबर के अध्यक्ष विजय आनंद मूनका ने सभी विशिष्ट अतिथियों का स्वागत करते हुए संस्था की यात्रा और योगदान की संक्षिप्त झलक पेश की। टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने इस अवसर पर वीडियो संदेश के माध्यम से शुभकामनाएं प्रेषित कीं, जिसे मंच पर दिखाया गया।
वीडियो के जरिए दिखाई गई चैंबर की ऐतिहासिक यात्रा
इस आयोजन के दौरान चैंबर की ऐतिहासिक यात्रा, औद्योगिक क्षेत्र में योगदान, तथा आने वाले वर्षों की योजनाओं को एक विशेष वीडियो प्रस्तुति के ज़रिए प्रस्तुत किया गया। दर्शकों ने इसे सराहा और जमकर तालियां बजाईं। कार्यक्रम दोपहर से ही शुरू हो गया था और दर्शकों की भीड़ से ऑडिटोरियम खचाखच भर गया। आयोजन स्थल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, जिससे समस्त गतिविधियां सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुईं। इस समारोह को व्यापार और उद्योग क्षेत्र के लिए एक प्रेरणास्रोत के रूप में देखा जा रहा है।