Home » SMART RANCHI : स्मार्ट रांची का ऐसा एप, जहां एक क्लिक पर पूरे शहर की जानकारी

SMART RANCHI : स्मार्ट रांची का ऐसा एप, जहां एक क्लिक पर पूरे शहर की जानकारी

एप में जब कोई शिकायत दर्ज होती है तो आवेदक उसकी स्थिति और निबटारे की सूचना ऑनलाइन देख सकते हैं। यदि कोई आवेदक समाधान से संतुष्ट नहीं होता, तो वह अपनी शिकायत को फिर से 'रिओपेन' करा सकता है।

by Anurag Ranjan
नगर निगम ने शहर को सिस्टेमेटिक बनाने को लेकर 'स्मार्ट रांची सिटीजन ऐप' की शुरुआत की है
WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : नगर निगम ने शहर को सिस्टेमेटिक बनाने को लेकर ‘स्मार्ट रांची सिटीजन एप’ की शुरुआत की है, जिससे लोग घर बैठे लोग नगर निगम से जुड़ी शिकायत दर्ज करा रहे हैं। वहीं इसके लिए उन्हें नगर निगम के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे। नगर निगम ने शहरवासियों से अनुरोध किया है कि वे इस एप के माध्यम से अपनी समस्या दर्ज करा सकते हैं। इसके अलावा इस एप की कई और खासियत है। इससे एक क्लिक पर पूरे शहर की जानकारी भी हासिल कर सकते हैं।

शिकायतों के लिए एक प्लेटफॉर्म

इस एप में नगर निगम की तमाम सुविधाओं की जानकारी दी गई है, जिनमें नाली जाम, कचरा उठाव, स्ट्रीट लाइट की खराबी, चापाकल व मिनी एचवाइडीटी के खराब होने, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, प्रधानमंत्री आवास योजना, होल्डिंग टैक्स आदि से संबंधित शिकायतें दर्ज की जा सकती हैं। लोग सीधे प्रशासन से जुड़कर अपनी समस्याओं का समाधान पा रहे हैं।

समाधान तक मिलेगा अपडेट

एप में जब कोई शिकायत दर्ज होती है तो आवेदक उसकी स्थिति और निबटारे की सूचना ऑनलाइन देख सकते हैं। यदि कोई आवेदक समाधान से संतुष्ट नहीं होता, तो वह अपनी शिकायत को फिर से ‘रिओपेन’ करा सकता है। इस सुविधा से शिकायतों का समाधान और तेजी से किया जाएगा और शहरवासियों को ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। इसके अलावा जो लोग एप का इस्तेमाल नहीं कर सकते, उनके लिए नगर निगम ने एक हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है। अब फोन नंबर 1800 570 1235 पर कॉल करके भी लोग अपनी शिकायतें दर्ज करा सकते हैं।

नजदीकी हॉस्पिटल की जानकारी

एप में आपके आसपास के हॉस्पिटल्स की जानकारी भी उपलब्ध है। इससे आप इमरजेंसी में इन हॉस्पिटलों का रुख कर सकते हैं। चूंकि जब कोई बीमार पड़ता है तो ये समझ नहीं आता कि हमारे नजदीक में कौन सा हॉस्पिटल है।

पब्लिक टॉयलेट की लिस्ट

नेचर कॉल आने पर लोग पब्लिक टॉयलेट ढूंढते हैं। पुरुष तो लोगों से पूछ लेते हैं या फिर रोड साइड में वे चले जाते हैं, लेकिन महिलाओं को काफी दिक्कत होती है। एप से लोग ये पता कर सकते हैं कि आसपास के पब्लिक टॉयलेट कहां हैं। इससे शर्मिंदगी भी नहीं झेलनी होगी।

इस एप में नगर निगम की तमाम सुविधाओं की जानकारी दी गई है
इस एप में नगर निगम की तमाम सुविधाओं की जानकारी दी गई है

घूमने के लिए कौन सा पार्क

एप में 2 किलोमीटर के एरिया में बने पार्क की भी जानकारी अपलोड है। घूमने के लिए आपको किसी से पूछने की बजाय बस एक क्लिक करना है।

पार्किंग की भी जानकारी अवेलेबल

कई बार आपके सामने ये समस्या होती है कि गाड़ी कहां पार्क करें। ऐसे में इस एप की मदद से नजदीकी पार्किंग प्लेस की जानकारी मिल जाएगी। इसके साथ ही ये भी पता चल जाएगा कि कौन सी पार्किंग आपके नजदीक है।

पुलिस स्टेशन, पेट्रोल पंप कितनी दूर

क्लिक करने के बाद नजदीकी पुलिस स्टेशन और अधिकारी की जानकारी मिलेगी। वहीं पेट्रोल पंप कितनी दूरी पर है, ये भी देख सकते हैं। कम्युनिटी हॉल, नामी स्कूल, शॉपिंग मॉल, मार्ट, पब्लिक लाइब्रेरी की भी जानकारी स्मार्ट सिटी एप में दी गई है।

इमरजेंसी हेल्पलाइन के जरूरी नंबर

एप में हेल्पलाइन नंबरों का अलग सेक्शन है, जिस पर एंटर करते ही वीमेन हेल्पलाइन, एंबुलेंस, फायर, शव वाहन के अलावा रांची नगर निगम का टॉल फ्री नंबर भी दिया गया है। इस पर आप अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। वहीं इमरजेंसी में सेवाएं प्राप्त कर सकते हैं।

शहर की आबोहवा का बताएगा हाल

एप में एक ऑप्शन एयर क्वालिटी का भी है। इससे आप पल-पल अपने आसपास के आबोहवा की जानकारी भी ले सकते हैं। वहीं एयर क्वालिटी के हिसाब से बाहर निकलने का प्लान बना सकते हैं।

Read Also: Jharkhand Politics : झारखंड में सियासी हलचल तेज, कांग्रेस विधायकों को दिल्ली बुलाया

Related Articles