लखनऊ: उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था सख्त होने के दावे के बावजूद अपराधिक घटनाएं पूरी तरह नियंत्रित नहीं हो पा रही है। इस कड़ी में अमरोहा क्षेत्र में हत्या की सनसनीखेज वारदात से लोग सन्न रह गए। यह हत्या राजनीतिक दुश्मनी के कारण हुई या आपसी रंजिश इसके पीछे वजह है, यह जांच का विषय है।
ग्राम प्रधान के मामा थे सपा नेता इशरत
अमरोहा रहरा थाना क्षेत्र के गांव जयतोली में प्रधान के मामा की सोमवार सुबह सरेराह गोली मार कर हत्या कर दी गई है। मृतक की पहचान इशरत (50) के रूप में की गई है। वह गांव के प्रधान नीतू के पति नौशाद के मामा हैं। वह प्रधानी के कामकाज की देख-रेख के साथ ही सपा से भी जुड़े हुए थे। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल कर रही है।
सिर में गोली मारकर, हमलावर फरार
मिली जानकारी के अनुसार इशरत किसी काम के सिलसिले में पड़ोसी गांव महरपुर गए हुए थे। दोपहर में करीब 1:00 बजे वह बाइक पर सवार होकर वापस लौट रहे थे। गांव के नजदीक स्थित तालाब के पास पहुंचते ही अज्ञात लोगों ने सिर में गोली मारकर उनकी हत्या कर दी। गोली मारने के बाद हमलावर आसानी से फरार हो गए। मौके पर लोगों की बड़ी भीड़ जुट गई।
स्थानीय चुनावी राजनीति में सक्रिय भूमिका में थे इशरत
इशरत स्थानीय चुनावी राजनीति में सक्रिय भूमिका में थे, इसलिए कुछ लोग उनके खिलाफ थे। हत्या के इस वारदात को चुनावी रंजिश से जोड़कर देखा जा रहा है। घटना के संबंध में सीओ दीप कुमार पंत का कहना है कि हत्या की सूचना मिलने पर घटना की जांच पड़ताल की जा रही है। जल्द ही कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
लोग कर रहे आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग
दिन दहाड़े हत्या की घटना को अंजाम देने वाले अपराधियों के प्रति गांव जयतोली और उसके आसपास के स्थानीय निवासियों में डर का माहौल है। गांववाले पुलिस से अपराधियों की जल्द से जल्द पकड़ने की मांग कर रहे है।
Read Also- ट्रंप के शपथ ग्रहण से पहले अमेरिका में भारतीय युवक की गोली मारकर हत्या, रोजगार की कर रहा था तलाश