जमशेदपुर : देश की प्रतिष्ठित कंपनी टाटा स्टील को 14वें वार्षिक लीगल एरा अवॉर्ड्स 2025 में भारत की सर्वश्रेष्ठ इन-हाउस लीगल टीम के खिताब से सम्मानित किया गया है। यह भव्य समारोह नई दिल्ली में आयोजित हुआ।
इस सम्मानजनक पुरस्कार को भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश दीपक मिश्रा और सोसाइटी ऑफ इंडियन लॉ फर्म्स के अध्यक्ष डॉ. ललित भसीन ने संयुक्त रूप से प्रदान किया। इस अवसर पर टाटा स्टील के लीगल सर्विसेज विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने मंच पर पुरस्कार ग्रहण किया। प्रतियोगिता के अंतिम दौर में कुल 19 कंपनियां शामिल थीं, लेकिन अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन और कानूनी कुशलता के दम पर टाटा स्टील ने यह खिताब अपने नाम किया।
यह उपलब्धि टाटा स्टील की लीगल टीम की सटीक रणनीति, अनुशासन और विशेषज्ञता का प्रमाण है, जो कॉर्पोरेट कानूनी क्षेत्र में उत्कृष्टता की मिसाल बन चुकी है। टाटा स्टील को यह सम्मान मिलना न केवल कंपनी के लिए गौरव का विषय है, बल्कि जमशेदपुर और पूरे कॉर्पोरेट जगत के लिए प्रेरणा भी है। यह उपलब्धि दर्शाती है कि देश की शीर्ष कानूनी प्रतिभाएं किस तरह से संगठन की रीढ़ बनती हैं।