रांची : झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के तत्वावधान में आज कांग्रेस भवन रांची में गिरिडीह के पूर्व सांसद और मांडू से पांच बार विधायक रहे झारखंड आंदोलनकारी टेकलाल महतो की जयंती मनाई गई। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के साथ अन्य कांग्रेसी नेताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने टेकलाल महतो के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका योगदान राज्य के विकास में अद्वितीय रहा। उनकी पहचान उत्तरी छोटानागपुर क्षेत्र में एक आंदोलनकारी नेता के रूप में रही। महाजनी प्रथा और धान पेडी की लेवी के खिलाफ चलाए गए आंदोलन के साथ-साथ झारखंड अलग राज्य आंदोलन में उनकी सक्रिय भागीदारी रही। इसके अलावा उन्होंने शिवाजी समाज का गठन कर सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जन जागरूकता अभियान भी चलाया।
झारखंड अलग राज्य विधेयक कराया पारित
टेकलाल महतो की साधारण जीवनशैली और संघर्षों के प्रति समर्पण उनकी पहचान थी। उन्होंने वर्ष 1997 में एकीकृत बिहार विधानसभा में सर्वप्रथम झारखंड अलग राज्य विधेयक पारित कराया। इसके अलावा 70 के दशक में महाजनी प्रथा के खिलाफ चलाए गए आंदोलन में भी उनका नेतृत्व सराहनीय था, जिसने बिहार सरकार को झुकने पर मजबूर कर दिया।
श्रद्धासुमन अर्पित करने वालों में राकेश सिन्हा, रविन्द्र सिंह, अभिलाष साहु, राजन वर्मा, विनय सिन्हा दीपू, केके गिरि, डॉ. एम तौसीफ, अमूल्य नीरज खलखो, कमल ठाकुर, खुर्शीद हसन रूमी और अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल थे।
Read Also: President Draupadi Murmu/ IAS Mukesh Kumar : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मिले श्रम सचिव मुकेश कुमार