जमशेदपुर : जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र के उत्तरी सुसनीगडिया पंचायत भवन के पास स्थित राजीव चौधरी के बंद घर में चोरों ने लाखों की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना बीती रात करीब 3:00 बजे की है। चोरों ने ताला तोड़कर घर में घुसने के बाद अलमारी और अन्य सामान खंगाले। घटना की सूचना पाकर डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर तौकिर आलम और परसुडीह थाना प्रभारी फैद अहमद मौके पर पहुंचे और जांच शुरु की। पुलिस ने आस-पास लगे सीसीटीवी फूटेज भी खंगाले।
परिवार था बिहार में, भतीजे ने दी जानकारी
राजीव चौधरी के भतीजे विजय कुमार ने बताया कि उनके चाचा अपने पिता की पहली बरसी के लिए लगभग 20 दिन पहले पूरे परिवार के साथ बिहार के समस्तीपुर गए थे। विजय ने कहा कि वे रोजाना की तरह खाना खाकर सो गए थे और चोरी कब हुई, इसकी भनक तक नहीं लगी। सीसीटीवी फुटेज में घटना का समय रात 3:00 बजे का बताया जा रहा है। विजय के अनुसार राजीव चौधरी को सूचना दे दी गई है। राजीव शुक्रवार सुबह शहर पहुंच जाएंगे जिसके बाद पता चलेगा की चोरों ने क्या सामान चोरी किया गया है। हालांकि विजय के अनुसार चोरों ने दो से तीन लाख के सामानों की चोरी की है।
पुलिस ने शुरू की जांच, सीसीटीवी में दिखे संदिग्ध
पुलिस ने कंपनी और पंचायत भवन के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिसमें दो संदिग्ध युवकों को आते-जाते देखा गया है। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है।