जमशेदपुर : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने झारखंड में उच्च शिक्षा से जुड़ी समस्याओं को लेकर राज्यपाल संतोष गंगवार को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व अभाविप के प्रदेश मंत्री मनोज सोरेन ने किया। उन्होंने कहा कि राज्य के सभी विश्वविद्यालय और महाविद्यालय में शिक्षकों की भारी कमी है। इससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
मनोज सोरेन ने कहा कि रांची विश्वविद्यालय का सत्र पहले से ही विलंब से चल रहा है। इसे नियमित करने के लिए वैकल्पिक उपाय अपनाए जाएं। उन्होंने कहा कि सभी विश्वविद्यालयों में सत्र समय पर पूरा नहीं हो रहा है। इससे छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है।
अभाविप ने मांग की कि इसी सत्र से छात्र संघ चुनाव बहाल किए जाएं। 2019 के बाद किसी भी विश्वविद्यालय या महाविद्यालय में छात्र संघ चुनाव नहीं हुए हैं। यह लोकतंत्र की पहली सीढ़ी है। छात्र संघ चुनाव छात्रों को अपने हक की लड़ाई के लिए प्रतिनिधि चुनने का अवसर देता है।
अभाविप ने राज्य में वर्षों से लंबित प्राध्यापकों के प्रमोशन पर भी ठोस निर्णय लेने की मांग की। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा में युवाओं की भागीदारी लगातार घट रही है। यह चिंता का विषय है।
राज्यपाल को ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में अभाविप की प्रदेश अध्यक्ष मौसमी पॉल, बिहार-झारखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय संगठन मंत्री याज्ञवल्क्य शुक्ला और झारखंड प्रांत के संगठन मंत्री नीलेश कटारे शामिल थे।