जमशेदपुर : बिरसानगर की सड़कें चमाचम होंगी। यहां चार सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। दो नालियों का भी निर्माण होगा। कुछ सड़कों की मरम्मत का काम भी होगा। सड़क और नाली निर्माण के इन कार्यों का शनिवार को बिरसानगर में विधायक पूर्णिमा साहू ने शिलान्यास किया। ये सभी योजनाएं विधायक निधि से स्वीकृत कुल ₹34 लाख से अधिक की राशि से धरातल पर उतारी जाएंगी।
विधायक पूर्णिमा साहू ने जो योजनाएं शुरू कीं, उनमें प्रमुख रूप से नाली व सड़क निर्माण और मरम्मत कार्य शामिल हैं। बिरसानगर जोन-6 में नाली निर्माण पर ₹11,17,695, जोन-5 के हरि मंदिर क्षेत्र में सड़क और नाली निर्माण पर ₹5,09,825, जोन-4 में सड़क मरम्मत पर ₹3,45,155, जोन-1 में इंडियन गैस गोदाम के सामने सड़क मरम्मत पर ₹4,08,815, जोन-2A में मुकेश के घर से शर्मा जी के घर तक सड़क निर्माण पर ₹5,29,450, और जोन-1B में जयदीप डे से अशोक खामरूई और मनीराम से ईचा गुद्ध के घर तक नाली निर्माण पर ₹5,06,225 की राशि व्यय की जाएगी।
इस अवसर पर विधायक ने कहा कि क्षेत्र के हर मोहल्ले में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि विकास के हर कार्य पर उनकी नजर है और क्षेत्र की किसी भी समस्या को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। इसके साथ ही क्षेत्र की अन्य आवश्यकताओं को भी चिन्हित कर जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।
Read also Mango Flyover : न्यूपुरुलिया रोड पर बनने लगे फ्लाईओवर के पिलर, रोड वन वे होने से जाम