चंडीगढ़ : आम आदमी पार्टी (AAP) दिल्ली के बाद अब पंजाब में तत्परता दिखा रही है। पंजाब मंत्रिमंडल में बड़ा उलटफेर (Punjab Cabinet Resuffle) होने की खबर है। पंजाब की भगवंत मान सरकार के कुनबे में फेरबदल की खबरें आ रही हैं। आप की सरकार में 5 नए मंत्रियों को मंत्री पद की शपथ दिलाई जाएगी। इसके साथ ही 4 मंत्रियों का पत्ता कटता भी नजर आ रहा है।
सभी नए मंत्री आज शपथ ग्रहण कर सकते हैं। सूत्रों के अनुसार, 4 मंत्रियों को कैबिनेट से बर्खास्त कर दिया गया है। बर्खास्त किए गए मंत्रियों में चेतन सिंह जौड़ामाजरा, ब्रम्हा शंकर जिम्पा, बलकार सिंह और अनमोल गगन मान शामिल है। इन सबके पास फिलहाल अहम मंत्रालय का कार्यभार है।
इन चारों की जगह बरिंदर कुमार गोयल, डॉ. रविजोत, तरणप्रीत सिंद सौंद, महिंदर भगत और हरदीप सिंह मुंडिया जैसे नए चेहरों को शामिल किया जा रहा है। हालांकि आम आदमी पार्टी की ओर से अचानक हुए इस फेरबदल के संबंध में कोई भी बयान जारी नहीं किया गया है।
विशेषज्ञ इसे पंजाब में आने वाले दिनों में होने वाले उपचुनाव और पंचायत चुनाव से जोड़कर देख रहे हैं। पिछले वर्ष नवंबर में भी मान सरकार ने फेरबदल किए थे। मान कैबिनेट में फिलहाल 15 मंत्री हैं, जिसे बढ़ाकर 18 तक किया जा सकता है।
Read Also: और आज से शुरू हुई दिल्ली में ‘आतिशी’ पारी, CM बनते ही तोड़ा केजरीवाल का रिकॉर्ड..