लखनऊ : प्रदेश में बीते कुछ दिनों से तेज हवाओं के कारण मौसम में हल्की ठंड का अहसास हो रहा था। खासकर रात के समय ठंडक महसूस हो रही थी, लेकिन अब आने वाले दिनों में तेज हवा का कोई अलर्ट नहीं है। मौसम विभाग ने बताया कि 12 मार्च तक प्रदेश का मौसम साफ रहेगा। इसके साथ ही तेज हवाओं के कारण जो तापमान में गिरावट आई थी, वह अब फिर से बढ़ने की संभावना है, जिससे प्रदेश में गर्मी का असर बढ़ सकता है। फिलहाल दिन के समय तेज धूप के कारण प्रदेश में गर्मी महसूस हो रही है।
आज मौसम रहेगा साफ
मौसम विभाग के अनुसार 7 मार्च, शुक्रवार को प्रदेश में कोई भी मौसम अलर्ट नहीं है। इस दिन पश्चिमी और पूर्वी यूपी में मौसम साफ रहेगा। 8 और 9 मार्च को भी प्रदेश के दोनों हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा और बारिश या कोहरे का कोई खतरा नहीं है। इसी तरह, 10, 11 और 12 मार्च तक भी मौसम साफ रहने का अनुमान है।
मौसम वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश के मुताबिक, प्रदेश में तापमान में वृद्धि हो सकती है। फिलहाल प्रदेश में मौसम साफ रहेगा, लेकिन न्यूनतम तापमान में गिरावट देखी गई है।
प्रमुख शहरों का तापमान
नजीबाबाद में न्यूनतम तापमान 9.2°C, फुर्सत गंज में 9.5°C, मुजफ्फरनगर में 9.9°C, बुलंदशहर में 10°C, बहराइच में 10°C, प्रयागराज में 10.1°C और शाहजहांपुर में 10.6°C दर्ज किया गया है। राजधानी लखनऊ में न्यूनतम तापमान 10°C और अधिकतम तापमान 27.3°C दर्ज किया गया। अन्य शहरों में अलीगढ़ में 28°C, आगरा में 30.5°C, झांसी में 31.7°C, और लखीमपुर खीरी में 30°C अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया है।