प्रयागराज : महाकुंभ 2025 का आयोजन इन दिनों चल रहा है, जहां प्रतिदिन लाखों श्रद्धालु त्रिवेणी संगम में आस्था की डुबकी लगा रहे हैं। महाकुंभ के दौरान कई महत्वपूर्ण स्नान तिथियां होती हैं, जिनमें शाही स्नान सबसे विशेष होता है। अब तक महाकुंभ में दो शाही स्नान हो चुके हैं, लेकिन इस बार का अंतिम शाही स्नान बसंत पंचमी के दिन होगा। हालांकि, पंचमी तिथि दो दिन चलने की वजह से इस शाही स्नान की तारीख को लेकर कुछ भ्रम की स्थिति बनी हुई है। तो आइए जानते हैं महाकुंभ 2025 का अंतिम शाही स्नान कब होगा और क्या है इसका सही मुहूर्त।
महाकुंभ 2025 का अंतिम शाही स्नान कब
महाकुंभ का अंतिम शाही स्नान बसंत पंचमी के दिन, यानी 3 फरवरी 2025 को होगा। पंचमी तिथि 2 फरवरी को दोपहर 12:45 बजे से आरंभ हो रही है और 3 फरवरी को सुबह 9:48 बजे समाप्त होगी। इसलिए, महाकुंभ का अंतिम शाही स्नान 3 फरवरी को ब्रह्म मुहूर्त में होगा।
महाकुंभ 2025 : बसंत पंचमी शाही स्नान के शुभ मुहूर्त
अमृत स्नान का शुभ मुहूर्त : सुबह 5:05 बजे से 5:55 बजे तक।
पुण्यकाल शुभ मुहूर्त : सुबह 5:05 बजे से 9:48 बजे तक।
इन मुहूर्तों के दौरान आप महाकुंभ के अंतिम शाही स्नान का पुण्य लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
बसंत पंचमी शाही स्नान का महत्व
महाकुंभ में शाही स्नान का विशेष महत्व है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस स्नान से व्यक्ति के जीवन में कई पुण्य लाभ होते हैं। शाही स्नान करने से व्यक्ति को मोक्ष की प्राप्ति का मार्ग प्रशस्त होता है। अगर किसी की कुंडली में पितृदोष है तो इस स्नान से पितृदोष से मुक्ति मिलती है और पुण्यफल की प्राप्ति होती है।
बसंत पंचमी के दिन शाही स्नान करने से मां सरस्वती का आशीर्वाद भी प्राप्त होता है, जो ज्ञान, विद्या, और कला की देवी मानी जाती हैं। इस दिन का स्नान व्यक्ति के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का वास भी करता है।
Read Also- बसंत पंचमी अमृत स्नान से पहले CM योगी का प्रयागराज दौरा, ‘जीरो टोलरेंस’ के सख्त निर्देश