Home » CM हेमंत सोरेन का यह अंदाज, आपने सोचा भी नहीं होगा … बॉडीगार्ड व पुलिसकर्मी भी हुए हैरान-परेशान

CM हेमंत सोरेन का यह अंदाज, आपने सोचा भी नहीं होगा … बॉडीगार्ड व पुलिसकर्मी भी हुए हैरान-परेशान

by Anand Mishra
WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : झारखंड विधानसभा चुनाव में इस वक्त सियासी गलियारों में हलचल मची हुई है। भाजपा और झामुमो दोनों ही पार्टियां अपनी-अपनी ताकत झोंक कर प्रचार में जुटी हैं। इस बीच, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का चुनावी प्रचार और उनके अलग अंदाज चर्चा का विषय बने हुए हैं। हेमंत सोरेन मनिका विधानसभा क्षेत्र में एक चुनावी रैली को संबोधित करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने अपनी चुटीली शैली से जनता का खूब दिल जीता। मंच से उतरकर हेमंत सोरेन दौड़ते हुए हेलीकॉप्टर तक पहुंचे, जिससे माहौल और भी उत्साही हो गया। रैली में मौजूद लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका स्वागत किया।
सोरेन ने इस अनुभव को सोशल मीडिया पर साझा करते हुए लिखा, “अपने लोगों से मिलकर मुझे रोज़ नई ऊर्जा और ताकत मिलती है। मुझे अपने लोगों से मिलने से रोकने के लिए भाजपा जितनी साजिशें करना चाहे, कर ले। संस्थाओं को तो खरीदा जा सकता है, लेकिन जनसमर्थन को कोई नहीं खरीद सकता।”

मुख्यमंत्री ने भाजपा पर जमकर बोला हमला


रैली में अपने संबोधन में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भाजपा पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा, “भाजपा को सिर्फ जहर उगलने आता है। हमारे वीर पुरुखों ने जब अंग्रेजों को नहीं बख्शा, तो इन लोकल अंग्रेजों की क्या बिसात है?”
उन्होंने महंगाई का मुद्दा उठाते हुए कहा, “भा.ज.पा. द्वारा दिए गए महंगाई के दंश से पूरा देश परेशान है। हमने लाखों लोगों का बिजली बकाया बिल माफ किया और 200 यूनिट बिजली भी मुफ्त दी।” मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि उनकी सरकार ने झारखंड के लाखों जरूरतमंदों को पेंशन का अधिकार दिया है।

भाजपा की रणनीति पर तंज


हेमंत सोरेन ने आरोप लगाया कि भाजपा को यह देखकर चिढ़ होती है कि आदिवासी और वंचित समाज का व्यक्ति अपना कार्यकाल पूरा कर रहा है। उन्होंने कहा, “इसलिए भाजपा ने समय से पहले चुनाव करवा दिए, ताकि हम काम न कर पाएं।”
उन्होंने भाजपा पर यह भी आरोप लगाया कि वह संवैधानिक संस्थाओं को अपनी कठपुतली बना कर उन्हें अपने हित में इस्तेमाल करती है। “भा.ज.पा. के लोग झारखंड आकर सिर्फ समाज को तोड़ने की बात करते हैं। इन्हें रोटी, बेटी और माटी की कोई फिक्र नहीं है,” सोरेन ने कहा।

भाजपा शासित राज्यों में महिलाओं पर अपराध का मुद्दा


मुख्यमंत्री ने भाजपा शासित राज्यों में बढ़ते अपराधों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “अगर भाजपा को रोटी और बेटी की फिक्र होती, तो लोगों को राशन कार्ड लेकर भूख से नहीं मरना पड़ता। पूरे देश में सबसे ज्यादा महिलाओं पर अपराध भाजपा शासित राज्यों में हो रहे हैं।”

झारखंड के विकास की गारंटी


हेमंत सोरेन ने विधानसभा चुनाव को लेकर अपने अगले कदमों का रोडमैप भी प्रस्तुत किया। उन्होंने मनिका विधानसभा में चिक बड़ाईक और भुईयां जाति की समस्याओं का जिक्र किया और कहा कि अगर चुनाव समय से न कराए जाते, तो ये समस्याएं पहले ही सुलझा ली जातीं।
मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया, “चिंता की कोई बात नहीं है। हमारी सरकार बनेगी और इन समस्याओं का समाधान किया जाएगा।”

झारखंड की आधी आबादी को सशक्त बनाने का दावा


हेमंत सोरेन ने अपनी सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा, “झारखंड की आधी आबादी को सशक्त बनाने का काम अबुआ सरकार में हुआ है। दिसंबर से 2500 रुपये हर मंईयां के खाते में भेजे जाएंगे। अगले पांच साल में हम हर गरीब परिवार को एक लाख रुपये की सहायता देंगे।”
झारखंड विधानसभा चुनाव में इस बार सियासी मुकाबला और भी रोचक होता जा रहा है। हेमंत सोरेन के ताबड़तोड़ प्रचार, भाजपा पर हमला और विकास के वादों से यह चुनाव और भी दिलचस्प बन गया है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि झारखंड की जनता किसे अपना समर्थन देती है और चुनावी मैदान में कौन जीतता है।

Read Also- Jharkhand Assembly Election 2024 : आपराधिक पृष्ठभूमि वाले 40 से अधिक उम्मीदवार, क्या वोटर्स करेंगे सही फैसला?

Related Articles