जमशेदपुर : मानगो में गुरुवार को सुबह से ही चौक पर जाम लगा हुआ है। यहां ओवरब्रिज का काम करने के दौरान पाइपलाइन फटने की वजह से छोटे पुल पर पानी भर गया है। इस वजह से सुबह से ही ट्र्र्रैफिक पुलिस ने छोटे ब्रिज को बंद कर दिया। छोटा पुल बंद होने से बड़े ब्रिज पर वाहनों का दबाव बढ़ गया है। इससे बड़ा ब्रिज जाम हो गया है। बड़े ब्रिज के अलावा डिमना रोड, न्यू पुरुलिया रोड और ओल्ड पुरुलिया रोड पर भी जाम लगा हुआ है। जाम लगने की वजह से वाहन रेंग रेंग कर चल रहे हैं। जाम लगने से लोगों को काफी परेशानी हो रही है। मानगो से साकची और बिष्टुपुर जाने वालों को काफी दिक्कत का सामना है।
गांधी घाट के पास फटी है पाइपलाइन
मानगो के छोटा ब्रिज के आगे गांधी घाट के पास ओवरब्रिज का काम चल रहा है। जमीन के नीचे पिलर डालने के लिए मशीन लगाई गई है। इसी दौरान यहां पाइपलाइन फट गई। इससे पानी पुल पर जमा हो गया है। पुल पर घुटनों पानी हो गया है। इसी वजह से यातायात पुलिस को इस पुल पर ट्र्र्र्रैफिक रोकना पड़ा है।
ब्रिज की बैरीकेडिंग हटा कर घुस गए लोग
मानगो चौक पर जाम की वजह से लोग आगे नहीं बढ़ पा रहे थे। लगभग साढ़े 11 बजे दोपहिया सवार कुछ लोगों ने यातायात पुलिस के निर्देश को धता बताते हुए बैरीकेडिंग हटा दी और पुल पर प्रवेश कर गए। यह लोग भरे पानी में बाइक दौड़ाते हुए पुल के साकची वाले मुहाने की तरफ पहुंच गए। यहां तैनात ट्रैफिक पुलिस के सिपाहियों ने लोगों को फटकार लगाई। मगर, उन्हें वहां से बैरीकेडिंग हटा कर जाने दिया।
भाग निकला सिपाहियों को अपशब्द कहने वाला युवक
इसी दौरान ट्र्रैफिक सिपाहियों ने एक बाइक सवार को पकड़ लिया। यह तेज रफ्तार से बाइक चलाते हुए निकल रहा था। बाइक सवार हेलमेट नहीं पहने था। इसे रोकने पर गाड़ी चला रहे युवक ने सिपाही को अपशब्द कहा। इस पर उसे रोक लिया गया। कई सिपाही वहां एकत्र हो गए। बाद में सिपाही उसे कार्रवाई के लिए आगे ले जाने लगे। इसी बीच मौका पा कर बाइक सवार तेज रफ्तार में गाड़ी चलाते हुए वहां से फरार हो गया।