चक्रधरपुर: पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर प्रखंड के कुलीतोडांग पंचायत में गुरुवार की सुबह एक दर्दनाक हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि तीन बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना लगातार हो रही बारिश के कारण एक मिट्टी के कच्चे घर के ढह जाने से हुई।
गांव निवासी रगिया दोंगे की पत्नी गुरुवारी दोंगे अपने दो बच्चों और एक रिश्तेदार बच्ची के साथ घर में थी, तभी अचानक मकान भरभरा कर गिर गया। मलबे में दबने से गुरुवारी दोंगे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीनों बच्चे घायल हो गए। घायलों में 3 साल का गुलशन दोंगे, 5 महीने का सुनिल दोंगे और 8 साल की इंदा पूर्ति शामिल है, जो चाईबासा के कुसमुंडा गांव से मेहमान के रूप में आई थी।
घटना के बाद मुखिया माझीराम जोंको और ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया। जहां इलाज के दौरान अनुमंडल अस्पताल के चिकित्सा प्रभारी डॉ. अंशुमन शर्मा ने गुरुवारी दोंगे को मृत घोषित कर दिया। फिलहाल तीनों बच्चों की हालत स्थिर बताई जा रही है और वे खतरे से बाहर हैं।
प्रशासन मौके पर, राहत व सहायता का भरोसा
घटना की सूचना मिलते ही चक्रधरपुर के प्रखंड विकास पदाधिकारी कांचन मुखर्जी और आंचल कर्मचारी धनेंद्र प्रताप नायक अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। बीडीओ कांचन मुखर्जी ने बताया कि लगातार बारिश से खतरे को देखते हुए कच्चे मकानों में रह रहे लोगों के लिए पंचायत भवनों में रहने की व्यवस्था की गई है। उन्होंने यह भी कहा कि मृतक महिला के परिजनों को आर्थिक सहायता दी जाएगी और बच्चों के इलाज में प्रशासन हर संभव मदद कर रहा है।
ग्रामीण इलाकों में अलर्ट, प्रशासन की अपील
प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे बारिश के दिनों में कच्चे और जर्जर घरों में न रहें और सुरक्षित स्थानों पर शरण लें। जरूरत पड़ने पर पंचायत भवनों का उपयोग किया जा सकता है। इस दुखद घटना ने ग्रामीण इलाकों में रहने वालों को सावधानी बरतने की चेतावनी दी है।
Read Also- Vaishali Three People Drowned : वैशाली में दर्दनाक हादसा : 40 साल पुराने कुएं में उतरे एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत