रांची : मेन रोड के गुरु सिंह सभा गुरुद्वारा में रविवार को पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए झारखंड सिख फेडरेशन ने एक शोक सभा आयोजित की। इसमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने डॉ. मनमोहन सिंह के योगदान को याद करते हुए कहा कि वे न केवल एक महान अर्थशास्त्री थे, बल्कि देश में बह रही आर्थिक सुधारों के जनक भी थे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा डॉ. मनमोहन सिंह ने वित्त मंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में अपनी सेवाओं से न केवल देश की गिरती हुई अर्थव्यवस्था को संभाला, बल्कि कई अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों में अभूतपूर्व सुधार भी किए। उनके नेतृत्व में कई योजनाओं की शुरुआत हुई। जिनसे देश की अर्थव्यवस्था को नई दिशा मिली। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि डॉ. मनमोहन सिंह ने देश में बढ़ते राजस्व घाटे को नियंत्रित कर उसमें सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए थे।
विशेष दीवान का आयोजन
शोक सभा के दौरान झारखंड सिख फेडरेशन की ओर से एक विशेष दीवान का आयोजन किया गया था। जिसमें गगनदीप सेठी और परमजीत सिंह टिंकू ने भी डॉ सिंह के योगदान पर प्रकाश डाला। धन्यवाद ज्ञापन के दौरान अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष और फेडरेशन के महासचिव ज्योति सिंह मथारु ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह ने सूचना, शिक्षा, भोजन का अधिकार, मनरेगा और आधार कार्ड जैसे पांच क्रांतिकारी कार्यक्रमों की शुरुआत की, जो आज भी देश की समृद्धि में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।
शोक सभा में ये रहे मौजूद
सभा को प्रोफेसर हरविंदर वीर सिंह ने सफलतापूर्वक संचालित किया। इस अवसर पर फेडरेशन के अध्यक्ष अमरजीत सिंह धूरा, गुरुद्वारा के अध्यक्ष गुरमीत सिंह, मार्केटिंग बोर्ड के अध्यक्ष रविंद्र सिंह, युवा आयोग के अध्यक्ष शमशेर आलम, अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष सतीश पॉल मुंजीनी, कमल ठाकुर, अरुण चावला, हरजीत सिंह स्विंकी, प्रीतपाल सिंह समेत बड़ी संख्या में महिलाएं और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।