नई दिल्ली : अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत सहित अन्य देशों पर लगाने वाले, परस्पर शुल्क नीति (जवाबी टैरिफ) में अब छूट देने की बात कही है। टैरिफ में छूट के बदले अमेरिका द्वारा भारत से ऑटोमोबाइल, व्हिस्की और कृषि संबंधित उत्पादों अथवा खाद्य उत्पादों के लिए बाजार में पहुंच बढ़ाने की मांग की जा सकती है। इस संबंध में भारत और अमेरिका के बीच आज (26 मार्च 2025) नई दिल्ली में व्यापारिक मुद्दों पर चर्चा प्रस्तावित है।
ट्रंप जवाबी टैरिफ में दे सकते छूट
अमेरिका में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के शपथ ग्रहण के बाद ही विश्व की अर्थव्यवस्था में भारी उथल-पुथल देखी जा रही है। ट्रंप द्वारा बनाए जा रहे, व्यापार से संबंधित नए नियम भारत सहित अन्य देशों को भी प्रभावित कर रहे हैं। इसी क्रम में ट्रंप ने भारत के साथ परस्पर शुल्क नीति यानी जवाबी टैरिफ की घोषणा की थी। इसका मतलब यह कि अमेरिका भारत से आयात होने वाले उत्पादों पर उतना ही शुल्क लगाएगा, जितना आयात शुल्क भारत, अमेरिका पर लगाता है। इस संबंध में लचीला रवैया अपनाते हुए, हाल ही में ट्रंप ने यह घोषणा की है कि अब वह भारत सहित कई अन्य देशों को जवाबी टैरिफ में छूट देने पर विचार कर रहे हैं। इससे भारतीय बाजार में एक सकारात्मक उम्मीद जगी है।
अमेरिका की मांगों के प्रति, भारत बरत रहा सतर्कता
जवाबी टैरिफ में छूट देने के बदले अमेरिका, भारत के समक्ष अपनी कुछ मांगे रख सकता है। इनमें ऑटोमोबाइल, व्हिस्की और कृषि उत्पादों की भारतीय बाजार में पहुंच बढ़ाने से संबंधित मांगे हो सकती है। इसे लेकर आज, बुधवार को नई दिल्ली में भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित इस बैठक में, भारतीय वाणिज्य मंत्रालय ने संभावित मांगों के प्रति सतर्कता बढ़ा दी है। अभी फिलहाल व्हाइट हाउस की व्यापार नीति को लेकर अनिश्चितता की स्थिति बनी हुई है। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने 2 अप्रैल से पहले ऑटोमोबाइल पर टैरिफ लगाने की चेतावनी दी थी। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि भारत सहित कुछ देशों को इससे छूट दी जा सकती है।
भारत, अमेरिका के सामने रख सकता अपनी मांगें
भारत- अमेरिका की प्रस्तावित इस बैठक में, भारत की प्राथमिकता द्विपक्षीय निवेश समझौते के पहले चरण पर केंद्रित होने की संभावना है। बाजार में पहुंच बढ़ाना और डिजिटल व्यापार के प्रमुख मुद्दे भी इसमें शामिल हो सकते हैं। अमेरिका के साथ अपनी वार्ता के दौरान भारत परस्पर शुल्क नीति में छूट देने पर जोर दे सकता है। इसके अलावा अन्य विषय जैसे अमेरिका में भारतीय प्रोफेशनल्स के लिए अधिक अवधि की वीजा की मांग का प्रस्ताव भी रखा जा सकता है।
भारत और अमेरिका के बीच बुधवार को दिल्ली में प्रस्तावित इस बैठक में भारत के वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल, अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जेमिसन ग्रीर के साथ चर्चा करेंगे। इस बैठक में दोनों देशों के बीच व्यापारिक समझौते को मजबूती प्रदान करना और शुल्क विवाद का निपटारा, जैसे अहम मुद्दे शामिल होंगे।
Read Also- CBI ने छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निवास पर चलाया तलाशी अभियान