जमशेदपुर : जमशेदपुर के कदमा थाना अंतर्गत शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर चार के पास बुधवार सुबह बाइक से आए अपराधियों ने आलोक भगत उर्फ आलोक मुन्ना की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में पंकज साव और विशाल शामिल है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दो हथियार भी बरामद कर लिया है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। संभवत: पुलिस आज मामले का खुलासा करेगी। हालांकि मामले में मुख्य आरोपी आकाश सिंह उर्फ छोटू बच्चा अब भी फरार चल रहा है वहीं पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी छापेमारी कर रही है।
भाई ने 6 लोगों पर दर्ज कराई एफआईआर
इधर, घटना के बाद मृतक के भाई मनोज भगत ने छह लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए कदमा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। मनोज ने आकाश सिंह उर्फ छोटू बच्चा, मोहित सिंह, राजन सिंह, विकास सिंह, मनीष पांडेय और सुमित सिंह पर आरोप लगाया है। प्राथमिकी में मनोज ने पुलिस को बताया कि आलोक सुबह 10.30 बजे पूजा के लिए फूल लेने के लिए निकला था। इसी वापसी के दौरान सरस्वती शिशु मंदिर के पास आरोपियों ने उसे घेर लिया। आकाश ने आलोक के सीने में गोली मारी जिससे आलोक बाइक से गिर गया। वह किसी तरह उठा और अपनी जान बचाने के लिए पास ही बिल्लू के घर में घुसा पर आरोपी उसका पीछा करते हुए उसपर ताबड़तोड़ फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। आलोक को टीएमएच पहुंचाया गया जहां उसकी मौत हो गई।
पूर्व में हुए विवाद को बदला लेने के लिए की हत्या
गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस को बताया कि बीते 3 नवंबर को काली पूजा विसर्जन के दौरान आकाश और आलोक के बीच विवाद हुआ था। मामले को लेकर कदमा थाना में प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई थी। इस घटना के बाद से ही आकाश आलोक की हत्या की योजना बना रहा था। बुधवार को हत्या की प्लानिंग हुई। सभी ने आलोक को रोका। पहली गोली आकाश ने चलाई थी। घटना को अंजाम देने के बाद सभी मौके से फरार हो गए।
ये है मामला
बता दे कि बुधवार सुबह आलोक भगत पूजा के लिए फूल लेने के लिए अपने घर से निकला था। वापसी के क्रम में अपराधियों ने उसे रास्त में रोका और उसपर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। परिजनो ने आलोक को इलाज के लिए टीएमएच पहुंचाया जहां जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया गया। घटना के बाद गुस्साऐ परिजनों ने घटना स्थल के पास हंगामा भी किया। वहीं आरोपियों के घर के बाहर पथराव भी किया गया।