लातेहार : लातेहार जिले के चंदवा थाना क्षेत्र के नगर गांव के पास पुलिस ने दो नक्सलियों को हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार नक्सलियों में प्रतिबंधित नक्सली संगठन संघर्ष जन मुक्ति मोर्चा (एसजेएमएम) के जोनल कमांडर प्रदीप सिंह और किशन भगत शामिल हैं। दोनों नक्सली लातेहार सदर थाना क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस ने उनके पास से दो राइफल और गोलियां भी बरामद की हैं।
गुरुवार को प्रेस वार्ता के दौरान एसपी कुमार गौरव ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एसजेएमएम के नक्सली किसी हिंसक घटना को अंजाम देने के लिए चंदवा थाना क्षेत्र के नगर गांव के पास एकत्र हो रहे हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस की एक टीम गठित की गई और नक्सलियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की गई। इस दौरान पुलिस ने दो नक्सलियों को हथियारों के साथ गिरफ्तार कर लिया।
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार नक्सली प्रदीप सिंह और किशन भगत कई नक्सली घटनाओं के आरोपी रह चुके हैं। इनमें से दिसंबर माह में लातेहार सदर थाना क्षेत्र में पुल निर्माण कार्य में लगे एक मुंशी की हत्या करने की घटना भी शामिल है। दोनों नक्सलियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस काफी समय से प्रयासरत थी।
एसपी ने आगे कहा कि गिरफ्तार नक्सलियों से पूछताछ के दौरान कई महत्वपूर्ण जानकारी भी मिली है। उन्होंने नक्सलियों की गिरफ्तारी में डीएसपी अरविंद, इंस्पेक्टर दुलड़ चौड़े सहित अन्य पुलिस अधिकारियों की भूमिका की सराहना की।
Read also Sarikeila Naxal Arrest : सरायकेला में नक्सली संगठन के नाम पर लेवी मांगने वाले पांच बदमाश गिरफ्तार