रांची : केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन आगामी 25 अप्रैल 2025 को झारखंड दौरे पर आ रहे हैं। रांची में वे राज्य के वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक करेंगे। बैठक का मुख्य उद्देश्य राज्य में मादक पदार्थों के अवैध व्यापार की रोकथाम, सुरक्षा व्यवस्था, और केंद्र द्वारा संचालित योजनाओं की स्थिति की समीक्षा करना है।
अवैध नशा कारोबार पर होगी खास चर्चा
गृह मंत्रालय की ओर से यह दौरा विशेष रूप से ड्रग्स और नशीले पदार्थों के खिलाफ राज्य में चल रहे अभियानों की समीक्षा के लिए आयोजित किया जा रहा है। इस बैठक में यह आकलन किया जाएगा कि अब तक झारखंड पुलिस और प्रशासन ने इस दिशा में क्या विशेष पहलें की हैं, और आगे की रणनीति क्या होनी चाहिए।
पुलिस मुख्यालय देगा प्रेजेंटेशन
बैठक के दौरान झारखंड पुलिस मुख्यालय की ओर से एक विशेष प्रेजेंटेशन भी दिया जाएगा, जिसमें अब तक किए गए कार्यों, गिरफ्तारियों, जब्ती और जमीनी स्तर पर चल रही गतिविधियों की विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी। सूत्रों के अनुसार, गृह सचिव का यह दौरा राज्य सरकार के साथ समन्वय बढ़ाने और नशा मुक्त भारत अभियान को गति देने के लिए बेहद अहम माना जा रहा है।
गृह विभाग ने शुरू की तैयारियां
केंद्रीय गृह सचिव की यात्रा को लेकर झारखंड गृह विभाग और जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बैठक स्थल, एजेंडा, सुरक्षा इंतजाम और अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।