–झारखंड में खुलेआम पैर पसार रहे घुसपैठिए, बन रहा जमाईं टोला
राज्य में गायब हो गए पहाड़, बाल्टी से मिल रहा लोगों को बालू
बोकारो : Union Minister Shivraj Singh Chauhan : शुक्रवार को बोकारो के सरस्वती मंदिर में आयोजित विचार गोष्ठी में केन्द्रीय कृषि, एवं कल्याण सह ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने झारखंड सरकार पर जमकर हमला बोला। कहा कि झारखंड में खुलेआम बांग्लादेशी व विदेशी नागरिकों का घुसपैठ हो रहा है। बांग्लादेशी झारखंड की आदिवासी बेटियों से शादी कर रहे हैं। यहां जमाई टोला बन रहा है।
पश्चिम बंगाल में ममता दीदी विदेशी नागरिकों को संरक्षण दे रही हैं। इसी प्रकार झारखंड सरकार इन्हें संरक्षण दे रही है। राज्य में झामुमो-कांग्रेस सरकार बनी तो झारखंड तबाह-बर्बाद हो जाएगा। झारखंड सरकार तुष्टिकरण व वोट बैंक की राजनीति कर रही है। कहा कि झारखंड को चील-गिद्ध की तरह नोंचा जा रहा है।
झारखंड कमजोर हुआ तो भारत कमजोर होगा। इसलिए यह चुनाव राज्य व देश की सभ्यता, संस्कृति व अस्मिता बचाने का है। राज्य के मंत्री व सांसद के पास से नोटों के पहाड़ निकल रहे हैं। यह जनता का पैसा है। इधर राज्य में पहाड़ गायब हो गए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों को घर बनाने के लिए पैसा दिया। लेकिन यहां बाल्टी से बालू मिल रहा है।
इनके खिलाफ आवाज उठाना है। कहा कि जल, जंगल, जमीन जनता है। झारखंड में साढ़े चार वर्ष में हत्या, दुष्कर्म, अपहरण, दंगे, लूट आदि की घटनाएं बढ़ी हैं। रघुवर सरकार में विकास का जो काम हुआ। अब इस पर रोक लग गई है। अब चुनाव का वक्त आ गया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अब एक हजार ले लो की रट लगा रहे हैं। रोज घोषणा की जा रही है। लेकिन पूर्व में किया वायदा पूरा नहीं किया गया। यहां हर चीज का रेट फिक्स हे।
अगर झामुमो-कांग्रेस की सरकार आएगी तो विदेशी घुसपैठिए राजनीतिक रुप से मजबूत हो जाएंगे। केंद्र सरकार ने यहां योजनाओं के मद में रुपए भेजा। लेकिन सभी योजनाओं का पैसा खा गए। कहा कि हमारा देश महान है।
यहां सबके कल्याण का संदेश दिया गया। देश की आजादी की लड़ाई में तिलका मांझाी, भगवान बिरस मुंडा, भगत सिंह सहित हजारों क्रांतिकारियों ने अपने प्राणों की आहुति दी। हजारों क्रांतिकारियों ने अंडमान जेल में कष्ट सहे। देश को आजादी मिली। लेकिन राष्ट्र टूट गया।
अटल जी ने झारखंड का निर्माण किया। उन्होंने भारत को परमाणु संपन्न राष्ट्र बनाया। अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संपन्न व शक्तिशाली भारत का निर्माण हो रहा है। कहा कि यहां किसी को सिंहासन देने के लिए नहीं बल्कि झारखंड को बचाने आया हूं। राज्य में भाजपा की सरकारी बनी तो यहां कोई धुसपैठिया नहीं प्रवेश कर सकेगा। जो पहले से आएं हैं, वह बोरिया-बिस्तर समेट कर यहां से वापस जाएंगे।