लखनऊ : उत्तर प्रदेश में पिछले कई दिनों से जारी भीषण गर्मी और लू से जूझ रही जनता को जल्द राहत मिलने वाली है। मौसम विभाग के अनुसार, 16 से 18 जून के बीच बिहार में मानसून के पहुंचने की संभावना है। इसके तुरंत बाद मानसून उत्तर प्रदेश में प्रवेश करेगा। इससे राज्य में बारिश की गतिविधियों में तेजी आएगी और तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी।
मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बंगाल की खाड़ी से उठने वाली पुरवा हवाओं और मध्य क्षोभमंडल में सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से वर्षा की गतिविधियां तेज होंगी। इस बदलाव का असर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में साफ तौर पर दिखाई देगा।
कब कहां होगी बारिश, जानें जिलावार अपडेट
15 जून को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों और पूर्वी उत्तर प्रदेश में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान तेज हवाएं चलने की भी संभावना है, जिनकी रफ्तार 30 से 50 किमी/घंटा हो सकती है।
16 जून से मानसून बंगाल में सक्रिय होगा और बिहार को कवर करने के बाद उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ेगा। इसके साथ ही बारिश का नया दौर शुरू होगा।
इन जिलों में तेज हवाएं और बिजली गिरने की संभावना
मौसम विभाग ने 15-16 जून के दौरान इन जिलों में अलर्ट जारी किया है…
पूर्वांचल के जिले – मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, बहराइच, लखीमपुर खीरी आदि।
केंद्रीय यूपी के जिले – कानपुर नगर, कानपुर देहात, लखनऊ, बाराबंकी, उन्नाव, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर।
पश्चिमी यूपी के जिले – सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, बागपत, मथुरा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया।
बुंदेलखंड और आस-पास के जिले – झांसी, ललितपुर, हमीरपुर, महोबा, जालौन।
इन सभी क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और झोंकेदार हवा चलने की संभावना है।
तापमान में आएगा गिरावट
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 7 दिनों में अधिकतम तापमान में 5-7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान में 4-6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है। इससे लू से राहत मिलेगी और हीट इंडेक्स में कमी आएगी।
Read Also: Jharkhand Weather Update : झारखंड में अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री, रांची में 36.5 डिग्री पहुंचा पारा