लखनऊ : उत्तर प्रदेश में मानसून की दस्तक अब बेहद करीब है। राजधानी लखनऊ समेत कई जिलों में मंगलवार रात से बारिश का सिलसिला शुरू हो चुका है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से काफी राहत मिली है। हालांकि उमस की स्थिति अभी भी बनी हुई है।
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दो दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के पूरे प्रदेश में सक्रिय होने के अनुकूल हालात हैं। 18 जून को पश्चिमी यूपी के कुछ हिस्सों और पूर्वी यूपी में कई जगह गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है। इससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिलेगी।
आज भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी
प्रदेश के कई जिलों में मौसम विभाग ने बादल गरजने, बिजली चमकने और 40–50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है। पूर्वी यूपी के जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। वाराणसी, बलिया, देवरिया सहित कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी है।
मानसून की आधिकारिक तारीखें
- गोरखपुर – 18 जून
- लखनऊ और कानपुर– 23 जून
- बरेली – 24 जून
- आगरा – 27 जून
मंगलवार को लखनऊ में अधिकतम तापमान 37.6°C और न्यूनतम तापमान 27.2°C दर्ज किया गया। बुधवार को बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और शाम तक बारिश की संभावना है। गुरुवार से शहर में मध्यम से भारी बारिश की शुरुआत हो सकती है।
आज इन जिलों में बारिश का अलर्ट
ऑरेंज अलर्ट: प्रयागराज, सोनभद्र, वाराणसी, बलिया, देवरिया, गाजीपुर, मऊ, संत रविदास नगर, कुशीनगर, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर
येलो अलर्ट: लखीमपुर खीरी, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, रायबरेली, अमेठी, अयोध्या, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, बागपत
झोंकेदार हवाओं का असर
संत रविदास नगर, मिर्जापुर, आजमगढ़, बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, झांसी, बरेली, पीलीभीत, महोबा, ललितपुर आदि में 40–50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
मानसून की पुष्टि के लिए ये मानदंड होते हैं जरूरी
- पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी हवाओं का ऊपरी सतह तक फैलाव
- 24 घंटे में मौसम केंद्रों पर 64.5 मिमी या उससे अधिक वर्षा बादलों का गहरा जमाव और तापमान में गिरावट
Read Also: Jharkhand Weather Today : झारखंड में मानसून की पहली बारिश, IMD ने जारी किया रेड अलर्ट