लखनऊ : उत्तर प्रदेश में 5 से 9 अप्रैल 2025 तक गर्मी का कहर देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में लू चलने की चेतावनी जारी की गई है। 5 अप्रैल को पश्चिमी और पूर्वी यूपी में मौसम सामान्य रहने की संभावना है, लेकिन पश्चिमी यूपी में गाजियाबाद, हापुड़, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़ जैसे क्षेत्रों में लू चलने के आसार हैं। इसके अलावा, दिन-प्रतिदिन तापमान में वृद्धि हो रही है, जिससे गर्मी और अधिक बढ़ सकती है।
आने वाले दिनों में 2 से 4 डिग्री बढ़ेगा तापमान
मौसम विभाग का अनुमान है कि आगामी दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि, 8 अप्रैल से प्रदेश में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। 8 और 9 अप्रैल को पूर्वी यूपी के तराई क्षेत्रों में हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। वहीं, पश्चिमी यूपी में लू का असर जारी रह सकता है।
शुक्रवार को हमीरपुर में अधिकतम तापमान 40.2℃ और न्यूनतम तापमान 23.2℃ दर्ज किया गया, जो गर्मी के बढ़ते स्तर को दर्शाता है। इसके बाद, 6 और 7 अप्रैल को मौसम साफ रहने की संभावना है, लेकिन पश्चिमी यूपी में फिर से लू चलने की संभावना जताई गई है।
Read Also- UP Weather Update : भीषण गर्मी का कहर, कई जगहों पर आज भी 40°C के पार पहुंचेगा तापमान