रांची : Jharkhand Weather Alert : मौसम के मिजाज में लगातार बदलाव देखा जा रहा है। दिसंबर महीने में जहां ठंड बढ़ी तो बीच-बीच में लोगों को गर्मी का भी अहसास होता रहा। नया साल 2024 के शुरू होने के साथ ही झारखंड के कई जिलों को बारिश ने भिगो दिया। इसके साथ ही बादल और कोहरे का ऐसा असर है कि पूरा दिन बीत जा रहा है लेकिन सूर्यदेव के दर्शन नहीं हो रहे हैं। राजधानी रांची समेत पूरे राज्य के मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है।
राजधानी में गिरा न्यूनतम तापमान का पारा
पिछले शुक्रवार को हुई बारिश के बाद कोहरे का असर बढ़ गया है। राजधानी रांची के न्यूनतम तापमान में भी कमी दर्ज की गई है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची की ओर से जारी की गई जानकारी के अनुसार बंगाल की खाड़ी में उठे साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर झारखंड में नजर आ रहा है। राज्य के सभी जिलों के तापमान में कमी दर्ज की गई है। हालांकि ठंड अधिक नहीं बढ़ी है लेकिन बादल छंटने के बाद एक बार फिर लोगों को ठंड सताएगी। बादल छाए रहने के दौरान ही ठंड से थोड़ी राहत की उम्मीद की जा सकती है।
कुछ ऐसा रहा पिछले 48 घंटे के दौरान मौसम
पिछले 48 घंटे के दौरान रहे मौसम की बात करें तो पूरे राज्य में कहीं-कहीं बारिश से लोगों को परेशानी हुई। दूसरी ओर राज्य के दक्षिणी हिस्से यानी पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा व सरायकेला-खरसावां और निकटवर्ती मध्य हिस्से यानी रांची, रामगढ़, हजारीबाग, खूंटी, गुमला और बोकारो जिले में दिनभर कोहरा छाया रहा। यह स्थिति आज यानी रविववार को भी बनी हुई है। इसे लेकर मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से चेतावनी स्वरूप यलो अलर्ट भी जारी किया गया है। बताया गया कि आज और कल यानी 8 जनवरी तक आंशिक बादल छाए रहेंगे। सुबह धुंध और कोहरा छाया रहेगा।
Weather Alert: हल्की बारिश से फसलों को फायदा
एक ओर जहां लोग ठंड के मौसम में बारिश व कोहरे से परेशान हैं वहीं दूसरी ओर इस बारिश से खेतों में लगी फसल को फायदा पहुंचने की बात विशेषज्ञ बता रहे हैं। कृषि विज्ञानी बताते हैं कि जो फसल खेतों में लगी हैं उन फसलों के लिए शुक्रवार को हुई बारिश बेहद फायदेमंद है जबकि सब्जियों की खेती में बीमारी के लक्षण प्रकट हो सकते हैं। इसके लिए कृषि विज्ञानी ने किसानों को सतर्क रहने व कीटनाशी का छिड़काव करने की सलाह दी है।
Weather Alert : सगमा में हुई सबसे अधिक बारिश
पिछले 48 घंटे के दौरान रहे मौसम की बात करें तो सबसे अधिक बारिश गढ़वा के सगमा में 45.4 मिमी रिकार्ड की गई। वहीं सबसे अधिक अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस चाईबासा का जबकि न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री चाईबासा का ही रिकार्ड किया गया। वहीं राजधानी रांची का अधिकतम 24.4 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
Weather Alert : ऐसा रहेगा राजधानी व राज्य का मौसम
8 जनवरी : सुबह कोहरा या धुंध, आंशिक बादल छाए रहेंगे
9 जनवरी : सुबह कोहरा या धुंध, मौसम शुष्क बना रहेगा
10 जनवरी : सामान्यत: बादल छाए रहेंगे, बारिश की संभावना।
READ ALSO : सरकार ने Pharmaceutical Company के दवा बनाने के नए मानक तय किए, जानिए नए मानकों में क्या-क्या हैं?