पटना : बिहार में पिछले कुछ दिनों से पछुआ हवा के कारण मौसम शुष्क बना हुआ था, लेकिन अब मौसम में बदलाव आने की संभावना जताई जा रही है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले 24 से 48 घंटे में बिहार के कई हिस्सों में गरज-तड़क के साथ हल्की वर्षा और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। खासकर 7 से 11 अप्रैल के बीच बिहार के अधिकांश हिस्सों में इस प्रकार के मौसम के चलते येलो अलर्ट जारी किया गया है।
वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर
मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) की सक्रियता के कारण अगले कुछ दिनों में मौसम में बदलाव आएगा। यह विक्षोभ पूर्वोत्तर असम और आसपास के क्षेत्रों पर प्रभाव डालते हुए बिहार में भी असर दिखाएगा। 8 अप्रैल को पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करेगा, जिससे बिहार में भी मौसम का मिजाज बदल सकता है।
इन जिलों में बारिश के आसार
7 अप्रैल को बिहार के कई जिलों में हल्की बारिश, तेज हवा और बिजली गिरने का अनुमान है। विशेष रूप से सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, शिवहर, समस्तीपुर, सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, सहरसा, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर और खगड़िया में 40-50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। इसके साथ ही, बादल गरजने और हल्की वर्षा की भी संभावना है, जिससे इन क्षेत्रों में यलो अलर्ट जारी किया गया है।
ओले गिरने की भी संभावना
8 अप्रैल को किशनगंज, पूर्णिया, अररिया, सुपौल, मधुबनी और दरभंगा में गरज-तड़क के साथ ओले गिरने की संभावना जताई गई है, जिसके लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। ऐसे में इन क्षेत्रों में रह रहे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।
तापमान में वृद्धि का अनुमान
बिहार में अगले 24-48 घंटों के दौरान मौसम शुष्क रहने की संभावना है, लेकिन 48 घंटे में अधिकतम तापमान में 1 से 3 डिग्री की वृद्धि हो सकती है। इसके बाद तापमान में गिरावट आने की संभावना है, जिससे मौसम सामान्य हो जाएगा।
शनिवार का मौसम
शनिवार को बिहार के कई हिस्सों में तापमान में वृद्धि देखी गई। पटना का अधिकतम तापमान सामान्य से 3 डिग्री अधिक 39.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, डेहरी में प्रदेश का सर्वाधिक तापमान 39.8 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि, शेष अधिकांश जिलों में तापमान में वृद्धि दर्ज की गई।
प्रमुख शहरों के तापमान में वृद्धि
बीते 24 घंटों के दौरान, पटना सहित बिहार के कई प्रमुख शहरों में अधिकतम तापमान में वृद्धि हुई। पटना में तापमान 1.4 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 39.0 डिग्री पर पहुंचा, गया में 2.3 डिग्री, औरंगाबाद में 2.9 डिग्री, डेहरी में 2.8 डिग्री, भोजपुर में 1.6 डिग्री, वैशाली में 1.4 डिग्री और कटिहार में 1.6 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई।
सतर्कता की सलाह
मौसम में बदलाव के इस दौर में मौसम विज्ञान केंद्र ने लोगों और पशुओं को सुरक्षित रखने की सलाह दी है। खासकर तेज हवाएं, बारिश, वज्रपात और ओले गिरने की संभावना को देखते हुए सभी को सावधान रहने की आवश्यकता है।
Read Also- Navratri : नौमी तिथि मधुमास पुनीता… सुकल पक्ष अभिजीत हरि प्रीता…