रांची : झारखंड के मौसम में उतार-चढ़ाव जारी है। इन दिनों एक बार फिर ठंड महसूस की जा रही है। राज्य के कई जिलों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या इससे नीचे आ गया है। पिछले 24 घंटों के दौरान राजधानी रांची समेत पूरे राज्य में मौसम शुष्क बना हुआ है। हालांकि, दोपहर में ठंडी हवाओं ने जनवरी की ठंड का एहसास करवा दिया और शाम को भी इसका असर बना रहा। राज्य के अन्य जिलों में भी मौसम कुछ इसी तरह बना रहा।
हिमाचल की बर्फबारी से बढ़ेगा सर्दी का असर
मौसम केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, इस समय हिमाचल प्रदेश के हिमालयी इलाकों में अच्छी खासी बर्फबारी हो रही है। इसका असर झारखंड पर भी दिखने वाला है । आने वाले दिनों में ठंडी हवाओं के कारण सर्दी का असर और अधिक बढ़ने की संभावना है। खासतौर पर बच्चों और बुजुर्गों को अधिक सतर्क रहने की सलाह दी गई है, क्योंकि बदलते मौसम और कनकनी हवाओं के संपर्क में आने से स्वास्थ्य पर असर पड़ सकता है।
ठंड का असर, चल रही ठंडी हवाएं
झारखंड मौसम केंद्र के अनुसार, आज बारिश की कोई संभावना नहीं है, लेकिन ठंडी हवाओं का असर जारी रहेगा। अधिकतम तापमान 30-33 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 10-13 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि लोग सुबह और शाम के समय ठंडी हवाओं से बचने की कोशिश करें और स्वेटर या शॉल पहनें। यह न सोचें कि ठंड खत्म हो गई है, क्योंकि अभी मौसम में हल्की सर्दी बनी रहेगी।
खूंटी बना सबसे ठंडा जिला
बीते 24 घंटों में प्रदेश के विभिन्न जिलों में तापमान में उतार-चढ़ाव देखा गया। सबसे अधिक तापमान सरायकेला में 34.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं खूंटी जिला सबसे ठंडा रहा, जहां पारा 8.5 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। यह साफ करता है कि राज्य के विभिन्न हिस्सों में मौसम की स्थिति में बदलाव हो रहा है।
जिलों का संभावित तापमान
देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ व साहिबगंज में अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के आस-पास रह सकता है।
कोडरमा, चतरा, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा, पलामू में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री हो सकता है।
बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग, रांची, खूंटी, गुमला में अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री के आस-पास रहने की संभावना है।
पूर्वी और पश्चिम सिंहभूम, सरायकेला खरसावां व सिमडेगा में अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री तक जा सकता है।
इस बदलते मौसम में स्वास्थ्य का खास ख्याल रखना चाहिए, खासकर बच्चों व बुजर्गो को विशेष ध्यान रखना चाहिए।
Read Also- झारखंड में ठंड का असर बढ़ेगा, खूंटी में तापमान 8 डिग्री तक गिरा