रांची : पिछले 24 घंटों में झारखंड की राजधानी रांची में सूरज की कड़ी धूप ने लोगों को बेहाल कर दिया। तापमान काफी बढ़ा था और लोग बारिश की उम्मीद में नजरें टिकाए बैठे थे, लेकिन बारिश तो दूर, आंशिक बादल भी नजर नहीं आए। यही स्थिति राज्य के अन्य जिलों में भी देखने को मिली। हालांकि, आज के मौसम को लेकर ताजे पूर्वानुमान के अनुसार, झारखंड के कुछ जिलों में तेज हवा और वज्रपात के साथ हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम वैज्ञानिकों का पूर्वानुमान
रांची स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के मुताबिक, दक्षिणी छत्तीसगढ़ के आसपास एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बन रहा है, जबकि बंगाल की खाड़ी के पश्चिमी क्षेत्र में भी एक और साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय है। ये दोनों सर्कुलेशन मिलकर आज झारखंड में बारिश, तेज हवा और वज्रपात की स्थिति उत्पन्न करेंगे। इसके साथ ही, ओले गिरने की संभावना भी जताई जा रही है।
कौन से जिले रहेंगे प्रभावित
आज झारखंड के कई जिलों में मौसम का मिजाज बदल सकता है। विशेष रूप से, साहिबगंज, गोड्डा, देवघर, बोकारो, जामताड़ा, रांची, लोहरदगा, लातेहार, रामगढ़, खूंटी, सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी और पूर्वी सिंहभूम, तथा सिमडेगा जिलों में हल्की बारिश की संभावना है। हालांकि, सबसे अधिक प्रभाव यहां वज्रपात और तेज हवाओं का होगा। अनुमान है कि हवा की रफ्तार 40-50 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।
तापमान का पूर्वानुमान
देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज में अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री के आस-पास रह सकता है।
कोडरमा, चतरा, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा, पलामू में अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम 20 डिग्री रहने की संभावना है।
बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग, रांची, खूंटी, गुमला में अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम 20 डिग्री हो सकता है।
पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और सिमडेगा में अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री दर्ज किया जा सकता है।
हालांकि, आज दिनभर कड़ी धूप रहेगी, लेकिन दोपहर या शाम तक तेज हवाएं, वज्रपात और बारिश के साथ मौसम में अचानक बदलाव आ सकता है। इस दौरान तापमान में भी गिरावट देखने को मिल सकती है। इसलिए लोगों को सलाह दी जाती है कि वे अपनी सुरक्षा के लिए बाहर जाते समय सतर्क रहें और मौसम के अपडेट्स पर ध्यान रखें।