जमशेदपुर : जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय के क्षेत्र मानगो में इन दिनों हर तरफ कचरे का अंबार है। मेन रोड पर जगह-जगह कचरे के ढेर बदबू मार रहे हैं। मानगो के ओल्ड पुरुलिया रोड और न्यू पुरुलिया रोड का यही हाल है। हालात इतने बदतर हैं कि मानगो नगर निगम अपने दफ्तर के चारों तरफ सफाई नहीं रख पा रहा है। नगर निगम के चारों तरफ कचरे के ढेर लगे हुए हैं। मानगो की यह हालत जनप्रतिनिधियों और आला अधिकारियों की उदासीनता की वजह से हुई है। डीसी दफ्तर में नगर निकायों की मीटिंग तो होती है। मगर, यहां निर्माण समेत अन्य योजनाओं पर चर्चा होती है। नगर निकायों के अधिकारियों से पूछा जाता है कि राजस्व वसूली का क्या हाल है। कभी कचरे के ढेर का हिसाब-किताब नहीं लिया जाता।
नगर निगम के चारों तरफ तीन बड़े बदबूदार ढेर
मानगो नगर निगम के ठीक सामने गांधी मैदान के चूनाशाह कालोनी वाले गेट पर कचरे का बड़ा ढेर है। देखने से ही लगता है कि यहां से कूड़े का उठाव शायद ही होता हो। इस ढेर की वजह से इस गेट से आना जाना बड़ा महंगा पड़ता है। इधर से गुजरते ही मानगो नगर निगम की बेशर्मी वाली गंध नाकों तक पहुंच जाती है। इसके बाद बगल में ही एक धार्मिक स्थल है। इसके आसपास कचरे का पहाड़ जमा हो रहा है। यहां से भी उठने वाली बदबू लोगों को परेशान कर रही है। मेन रोड पर जहां सब्जी मंडी लगती है, वहां भी कचरे का ढेर है। सब्जी की सड़ांध इलाके को बदबूदार बना रही है मगर, नगर निगम चैन की बंशी बजा रहा है। यहां बदबू के बीच लोग सब्जी की दुकान लगाते हैं और सब्जी की खरीद फरोख्त भी करते हैं। इसी तरह, मानगो चौक से पारडीह चौक के बीच लगभग 13 जगह कचरे के बदबूदार ढेर लगे हुए हैं। इलाके के लोगों का कहना है कि कचरा उठाव की शिकायत करने को वह मानगो नगर निगम के उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार को फोन लगाते हैं मगर, वह उठाते नहीं हैं। मानगो की स्थिति से लोग आजिज आ गए हैं।
कचरा फेंकने वालों पर नहीं होता जुर्माना
इलाके के लोगों का कहना है कि उन्होंने कई बार नगर निगम से इसकी शिकायत की कि यहां कचरा फेंकने वालों पर जुर्माना करें। मगर, ऐसा नहीं हो पा रहा है। नगर निगम न तो प्रतिदिन कचरा उठाव कराता है और ना ही कचरा फेंकने वालों पर जुर्माना कर रहा है। सरकार ने कचरा फेंकने वालों पर कार्रवाई का प्रावधान किया है। मगर, नगर निगम के अधिकारी कहां बिजी रहते हैं कुछ पता नहीं। नगर निगम का मुख्य काम साफ सफाई और नागरिक सुविधा प्रदान करना है। मगर, निगम अपनी इस जिम्मेदारी को पूरा करने में कोताही बरत रहा है।
इसलिए लगते हैं कचरे के ढेर

मानगो में जगह जगह कचरे के ढेर इसलिए लगे रहते हैं क्योंकि, नगर निगम की गाड़ियां जब कचरा उठाव को पहुंचती हैं तो एक जगह से पूरा कचरा उठाव नहीं करती हैं। यहां जमा ढेर का चौथाई कचरा ही उठाया जाता है। बाकी तीन चौथाई कचरा वहां हमेशा पड़ा रहता है। यही वजह है कि मानगो कभी कचरा मुक्त हुआ ही नहीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चाहते हैं स्वच्छा भारत। मगर, नगर निगम के अधिकारी उनके इस मकसद को पलीता लगाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ रहे हैं।
सांसद व विधायक भी उदासीन
सांसद विद्युत वरण महतो या विधायक सरयू राय मानगो के लोगों का दर्द कोई नहीं सुन रहा है। डिमना रोड के रहने वाले राकेश कुमार कहते हैं कि जब यहां के विधायक कांग्रेस के बन्ना गुप्ता थे तब भी कमोबेश यही हाल रहा करता था। अब भी वही हाल है। लोगों का कहना है कि सांसद तो इधर कभी नजर ही नहीं आते। किसी के घर शादी हुई। किसी के घर में कोई प्रोग्राम हुआ तो वहां जनप्रतिनिधि पहुंच जाते हैं। मानगो की सफाई की व्यवस्था देखने की शायद ही किसी ने कोशिश की हो।
Read also