स्पेशल रिपोर्ट, नई दिल्ली. 140 करोड लोगों के लोकतंत्र में आस्था के प्रतीक के रूप में स्थापित की गई भारत की नयी संसद भवन में आज से औपचारिक रूप से कामकाज प्रारंभ हो जाएगा। सबसे पहले देश के उपराष्ट्रपति और राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के नेतृत्व में देश की समृद्ध संसदीय विरासत को याद किया जाएगा। इसमें वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया जायेगा। पुरानी संसद के केंद्रीय कक्ष में यह समारोह आयोजित होगा।
करीब डेढ़ घंटे तक चलेगा समारोह, राष्ट्रगान के साथ होगी शुरूआत
कार्यक्रम करीब डेढ़ घंटे तक चलेगा। राष्ट्रगान के साथ इसकी शुरुआत होगी। कार्यक्रम के समापन पर भी राष्ट्रगान बजाया जाएगा। इसके बाद दोपहर का भोजन होगा। इसके बाद शीर्ष नेता सभी सांसदों को नयी संसद भवन तक ले जाएंगे।
राज्यसभा की ओर से दी गई कार्यक्रम के रूपरेखा की जानकारी
राज्यसभा की ओर से जारी बुलेटिन में कार्यक्रम के रूपरेखा की जानकारी दी गई है। इसमें कहा गया है कि राज्यसभा और लोकसभा के सदस्यों से अनुरोध है कि वह भारतीय संसद की समृद्ध विरासत को याद करने तथा वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लेने के लिए आयोजित समारोह में शामिल हों। कहा गया है कि कार्यक्रम के लिए 19 सितंबर यानी आज पूर्वाह्न 11 बजे संसद के केंद्रीय कक्ष में इकट्ठा हों। कार्यक्रम में संसदीय कार्य मंत्री प्रल्हाद जोशी केंद्रीय कक्ष में समारोह में स्वागत भाषण देंगे। इस अवसर पर वरिष्ठ सांसद भी संबोधित करेंगे।
मेनका गांधी करेंगी कार्यक्रम को संबोधित
सूत्रों ने कहा कि भाजपा सांसद मेनका गांधी सबसे वरिष्ठ लोकसभा सदस्य के रूप में पहली वक्ता होंगी। मेनका गांधी के बाद समारोह को संबोधित करने के लिए पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से संपर्क किया गया है। हालांकि, सिंह के करीबी सूत्रों ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री की तबीयत कुछ समय से ठीक नहीं है। हो सकता है कि वह उपस्थित न हों।
झारखंड का समारोह से होगा सीधा कनेक्शन
समारोह का झारखंड से भी सीधा कनेक्शन होगा। संसद में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम को संबोधित करने वाले सांसदों में झारखंड से आने वाले झारखंड मुक्ति मोर्चा के सुप्रीमो एवं वरिष्ठ सांसद शिबू सोरेन का भी नाम है। यह वर्तमान में राज्यसभा के सांसद हैं।
मौजूदा सांसदों के बीच शिबू सोरेन का लोकसभा और राज्यसभा का संयुक्त अनुभव अन्य किसी भी सदस्य से कहीं अधिक है। समारोह को राज्यसभा में सदन के नेता पीयूष गोयल, उच्च सदन में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी भी संबोधित करेंगे।
यह होने वाले हैं कार्यक्रम
सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री के समारोह के दौरान संसद के केंद्रीय कक्ष में संविधान की एक प्रति ले जाने की भी उम्मीद है। केंद्रीय कक्ष के समारोह से पहले तीन अलग-अलग समूह की तस्वीरें पुराने संसद भवन के प्रांगण में ली जाएंगी। पहली तस्वीर राज्यसभा और लोकसभा दोनों के सदस्यों की होंगी। दूसरी राज्यसभा सदस्यों की होगी। तीसरी लोकसभा सदस्यों की होगी।
इस समय से काम करने लगेगी नयी सांसद
नयी संसद भवन में कार्यवाही की शुरुआत गणेश चतुर्थी के दिन हो रही है। यह किसी भी नयी शुरुआत के लिए शुभ माना जाता है। नयी संसद भवन में लोकसभा की कार्यवाही आज अपराह्न 1.15 बजे शुरू होगी।राज्यसभा की बैठक अपराह्न 2.15 बजे होगी।
वरिष्ठ केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और प्रल्हाद जोशी ने व्यक्तिगत रूप से समारोह की व्यवस्था की निगरानी की है। कार्यक्रम के सुचारू रूप से संचालन को लेकर अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया है। केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक के बाद सोमवार को इन लोगों ने केंद्रीय कक्ष का दौरा किया।