Bihar Weather Report : पटना : बिहार में मई की शुरुआत मौसम की उथल-पुथल के साथ हुई है। राजधानी पटना सहित राज्य के 25 जिलों में शनिवार (3 मई) को आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली (ठनका) को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। वहीं, रविवार को उत्तर बिहार के कई जिलों में भारी बारिश और ऑरेंज अलर्ट की चेतावनी जारी की गई है।
3 मई का मौसम : पटना सहित कई जिलों में बदलेगा मिजाज
राज्य के जिन जिलों में आज येलो अलर्ट जारी है, उनमें पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, सिवान, गोपालगंज, भभुआ, रोहतास, औरंगाबाद, पटना, गया, नालंदा, नवादा, बेगूसराय, लखीसराय, सारण, बक्सर, भोजपुर, अरवल, शेखपुरा और खगड़िया प्रमुख हैं।
इन क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज के साथ बादल और 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने कहा है कि इस तरह का अस्थिर मौसम कम से कम अगले पांच दिनों तक बना रह सकता है।
कल उत्तर बिहार में मूसलाधार बारिश की आशंका
मौसम विभाग के अनुसार रविवार (4 मई) को उत्तर बिहार के 19 जिलों – पश्चिम चंपारण से लेकर कटिहार तक – में भारी बारिश, आंधी और वज्रपात की संभावना है। इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, दक्षिण बिहार के 19 जिलों में येलो अलर्ट जारी रहेगा। इस दौरान 40-50 किमी/घंटा तक की तेज हवा चलने की भी आशंका है। संभावित क्षेत्रों में ग्रामीण इलाकों के लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गई है।
बीते 24 घंटे का हाल : धूप और उमस ने किया परेशान
शुक्रवार को बिहार के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ और शुष्क रहा। पटना, गया, औरंगाबाद, कैमूर, भोजपुर, सारण, गोपालगंज, सिवान, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण और बक्सर आदि जिलों में तेज धूप और उमस भरी गर्मी ने लोगों को परेशान किया। हालांकि इन जिलों में येलो अलर्ट था, लेकिन बारिश की गतिविधि नगण्य रही। वहीं, हल्की पूर्वा हवा (पूर्व से आने वाली) जरूर चली, जिससे आंशिक राहत महसूस की गई।
9 मई से फिर बदलेगा मौसम का रुख
मौसम विभाग के अनुसार, 9 मई के बाद राज्य में बारिश का सिलसिला थम जाएगा और तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होगी। मई के मध्य तक पश्चिमी बिहार के कुछ हिस्सों में लू चलने की संभावना है, जो खासकर दोपहर के समय लोगों को प्रभावित कर सकती है। रात के तापमान में भी वृद्धि की संभावना जताई गई है, जिससे गर्मी और उमस दोनों बढ़ेंगी। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने इस दौरान हीट स्ट्रोक से बचने की सलाह दी है।
Read Also- UP Weather Update : बारिश और तेज पुरवाई हवा से 5 डिग्री गिरा तापमान, येलो अलर्ट जारी