Home » Uttar Pradesh Shaurya Tiranga Yatra : भारत पर उंगली उठाने वालों को कोई कंधा देने वाला भी नहीं मिलेगा : योगी आदित्यनाथ

Uttar Pradesh Shaurya Tiranga Yatra : भारत पर उंगली उठाने वालों को कोई कंधा देने वाला भी नहीं मिलेगा : योगी आदित्यनाथ

पूरा देश भारतीय सेना के शौर्य और पराक्रम को सलाम कर रहा है और बहादुर जवानों का अभिनंदन करने के लिए आतुर है।

by Reeta Rai Sagar
WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Follow Now
  • लखनऊ में तिरंगा यात्रा में सीएम योगी ने पाकिस्तान को लताड़ा, सेना के शौर्य को किया सलाम

Lucknow (Uttar Pradesh): उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को एक कड़ा संदेश देते हुए कहा कि जो भी भारत की तरफ उंगली उठाएगा और देश की बहन-बेटियों के सम्मान को ठेस पहुंचाने की कोशिश करेगा, उसके जनाजे में रोने वाला भी कोई नहीं मिलेगा। उन्होंने यह बात लखनऊ में ‘भारत शौर्य तिरंगा यात्रा’ के दौरान आयोजित एक समारोह को संबोधित करते हुए कही।

मुख्यमंत्री ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता के बाद भारतीय सेना के पराक्रम को सलाम करते हुए अपने सरकारी आवास से तिरंगा यात्रा की शुरुआत की। हाथ में तिरंगा लेकर यात्रा का नेतृत्व करते हुए उन्होंने कहा कि हमारे वीर जवानों ने पाकिस्तान के हौसले पस्त कर दिए हैं। दुनिया ने पाकिस्तान और उसके समर्थकों का वह शर्मनाक चेहरा भी देखा, जब आतंकियों के जनाजे में उनके नेता और सैन्य अधिकारी शामिल हुए।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पूरा देश भारतीय सेना के शौर्य और पराक्रम को सलाम कर रहा है और बहादुर जवानों का अभिनंदन करने के लिए आतुर है। उन्होंने पाकिस्तान को एक विफल राष्ट्र बताते हुए कहा कि पिछले 70-75 वर्षों में उसने केवल आतंकवाद के बीज बोए हैं। पाकिस्तान ने अपनी विफलता की कहानी खुद दुनिया को सुनाई है। आतंकवाद को बढ़ावा देना यह साबित करता है कि एक दिन आतंकवाद पाकिस्तान को भी निगल जाएगा। खोखला हो चुका पाकिस्तान आज जो दुस्साहस कर रहा है, ‘ऑपरेशन सिंदूर’ उसका करारा जवाब था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पाकिस्तान समर्थित आतंकियों ने 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में एक बर्बर घटना को अंजाम दिया था, जिसकी पूरी दुनिया ने निंदा की, लेकिन आतंकवाद के पोषक पाकिस्तान और उसके आका चुप रहे। भारत की आन-बान-शान की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध हमारी सरकार ने सभी सबूत दिए, लेकिन पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। अंततः ‘ऑपरेशन सिंदूर’ चलाया गया।

उन्होंने बताया कि पहले ही दिन 100 से अधिक आतंकियों और उनके परिवार के सदस्यों को उनके वीभत्स कृत्य की सजा दी गई। सभी ने भारतीय सेना के पराक्रम और शौर्य का लोहा माना। थल, वायु और नौसेना के बहादुर जवानों ने पाकिस्तान की हिमाकत का मुंहतोड़ जवाब दिया और दुनिया को संदेश दिया कि हम छेड़ेंगे नहीं, लेकिन छेड़ने वालों को छोड़ेंगे भी नहीं।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जवानों के सम्मान में भाजपा ने तिरंगा यात्रा शुरू की है। यह तिरंगा भारत की आन-बान-शान और शौर्य-पराक्रम का प्रतीक है। तिरंगे के प्रति सम्मान व्यक्त करने, सैनिकों को सर्वोच्च सम्मान देने और प्रधानमंत्री मोदी के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए उत्तर प्रदेश में तिरंगा यात्रा की शुरुआत हो रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इतनी भीषण गर्मी के बावजूद लोगों की उपस्थिति भारतीय सेना के प्रति सम्मान की अभिव्यक्ति का सुंदर उदाहरण है। यही धैर्य और समर्पण का भाव भारतीय नागरिकों ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान सैनिकों और देश की सरकार के प्रति व्यक्त किया।

उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका शुरू से ही संकल्प रहा है कि जब हम नए और विकसित भारत की बात करते हैं, तो हमारा ध्येय ‘राष्ट्र प्रथम’ होना चाहिए। जब 140 करोड़ भारतीयों की प्राथमिकता ‘राष्ट्र प्रथम’ होगी, तो हर भारतवासी अपने-अपने क्षेत्र में कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए जुटेगा और दुनिया की कोई ताकत भारत के सामने टिक नहीं पाएगी। प्रधानमंत्री ने पूरे देश को एकजुट रखा और पंजाब के आदमपुर में जाकर बहादुर जवानों का हौसला बढ़ाया।

Related Articles